सीजेपी के तिरंगा मार्च को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 21 सड़कों पर आवाजाही हो सकती है प्रभावित
सीजेपी के तिरंगा मार्च के कारण दिल्ली में 16 अक्टूबर को दोपहर तीन बजे से 21 सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।
दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रस्तावित तिरंगा मार्च को देखते हुए यातायात पुलिस ने 16 अक्टूबर के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस के अनुसार, शुक्रवार दोपहर 3 बजे से कनॉट प्लेस और आसपास की 21 प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। स्थिति के अनुसार वाहनों के मार्ग में बदलाव भी किया जा सकता है।
सीजेपी कार्यकर्ताओं और अन्य संगठनों ने कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में एकत्र होकर ‘लहरा दो तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रीय ध्वज फहराने का आह्वान किया है। इसी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है।
इन 21 सड़कों पर पड़ सकता है असर
यातायात पुलिस की एडवाइजरी के अनुसार, संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड और कस्तूरबा गांधी मार्ग पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
और पढ़ें: INDIA गठबंधन के मार्च के चलते दिल्ली में आज इन सड़कों से बचें, कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध
इसके अलावा जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड पर जीपीओ से सी-हेक्सागन तक का हिस्सा, टॉल्स्टॉय मार्ग और सिकंदरा रोड पर भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन मौके की स्थिति के अनुसार लागू किए जाएंगे। इसका उद्देश्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करना और व्यवस्था बनाए रखना है।
वाहन चालकों को दी गई सलाह
दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों से कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में दोपहर के समय अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने और संभव होने पर सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
वाहन चालकों से यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने और सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचने को कहा गया है। जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को यात्रा से पहले यातायात संबंधी ताजा जानकारी देखने की सलाह दी गई है।
यहां मिलेगी ट्रैफिक की जानकारी
लोग दिल्ली यातायात पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in और उसके आधिकारिक सोशल मीडिया माध्यमों से मार्ग परिवर्तन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। सहायता के लिए 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
और पढ़ें: दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी: 11 अक्टूबर को 30 प्रमुख स्थानों पर डायवर्जन, घर से निकलने से पहले देखें रूट