एक ही विमान में साथ दिखे देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे, हाथ मिलाने से महाराष्ट्र की राजनीति में बढ़ी हलचल
नागपुर जाने वाली उड़ान में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे साथ नजर आए। दोनों ने इसे संयोग बताया, जबकि मुलाकात ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दिया।
महाराष्ट्र की राजनीति में जारी उठापटक के बीच शुक्रवार को एक दिलचस्प राजनीतिक तस्वीर सामने आई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रमुख उद्धव ठाकरे मुंबई से नागपुर जाने वाली एक ही उड़ान में सफर करते नजर आए। दोनों नेताओं के विमान में आमने-सामने आने और गर्मजोशी से हाथ मिलाने के बाद राज्य की राजनीति में नई चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
इस दौरान आदित्य ठाकरे, संजय राउत और शिवसेना (यूबीटी) के कई अन्य नेता भी उसी विमान में मौजूद थे। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे से हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया और दोनों नेताओं के बीच संक्षिप्त बातचीत भी हुई। इस अप्रत्याशित मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलों को जन्म दिया।
हालांकि, दोनों पक्षों ने इस मुलाकात को महज एक संयोग और सामान्य शिष्टाचार बताया है। मुख्यमंत्री फडणवीस पहले से तय सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए अपने गृह क्षेत्र एवं विधानसभा क्षेत्र नागपुर जा रहे थे। वहीं उद्धव ठाकरे विदर्भ और मराठवाड़ा के तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत करने के लिए नागपुर पहुंचे हैं। इस दौरान वह उन लोकसभा क्षेत्रों का भी दौरा करेंगे, जहां हाल ही में उनकी पार्टी के छह सांसद एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं।
और पढ़ें: बीजिंग की सबसे ऊंची गगनचुंबी इमारत से टकराया छोटा विमान, मची अफरा-तफरी; जांच जारी
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब 'ऑपरेशन टाइगर' के तहत उद्धव ठाकरे को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी के छह सांसदों के शिंदे गुट में जाने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में लगातार हलचल बनी हुई है।
इस बीच, शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने कहा कि पार्टी विभाजन के बावजूद मजबूत है और आदित्य ठाकरे में भविष्य में पार्टी का नेतृत्व करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी छोड़ने वाले नेताओं ने विचारधारा नहीं, बल्कि सत्ता, धन और सुरक्षा के लिए अपना पक्ष बदला है। राउत ने कहा कि उद्धव ठाकरे का दौरा जनता और कार्यकर्ताओं के बीच जाकर पार्टी का पक्ष स्पष्ट करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।