हैदराबाद में डोनाल्ड ट्रंप के नाम पर सड़क, अमेरिकी राष्ट्रपति ने भारत का जताया आभार
हैदराबाद में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के पास सड़क का नाम डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू रखा गया। ट्रंप ने इसे अभूतपूर्व सम्मान बताते हुए भारत का आभार व्यक्त किया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में उनके नाम पर सड़क का नामकरण किए जाने पर भारत का आभार व्यक्त किया है। ट्रंप ने इसे अपने लिए "अभूतपूर्व सम्मान" बताया और कहा कि वह इस सम्मान से बेहद गौरवान्वित हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर स्मारक पट्टिका की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "हैदराबाद, भारत में नया डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू। इस तरह सम्मानित होने वाला मैं पहला अमेरिकी राष्ट्रपति हूं। धन्यवाद!"
हैदराबाद स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के समीप स्थित सड़क का नाम पहले यूएस कॉन्सुलेट रोड था। इस सड़क के आसपास गूगल, अमेज़न और माइक्रोसॉफ्ट जैसी कई अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनियों के कार्यालय मौजूद हैं। मंगलवार को इस सड़क का नाम बदलकर डोनाल्ड ट्रंप एवेन्यू कर दिया गया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने स्मारक पट्टिका का अनावरण किया। यह कार्यक्रम अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित 'फ्रीडम 250' समारोह का हिस्सा था। इसमें तेलंगाना सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
और पढ़ें: वेनेजुएला में फिर भूकंप के तेज झटके, दो दिन पहले आए विनाशकारी भूकंप में 920 लोगों की मौत
कार्यक्रम के दौरान सर्जियो गोर ने भारत-अमेरिका संबंधों में हैदराबाद की बढ़ती भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि हाइटेक सिटी, एयरोस्पेस और रक्षा क्षेत्र में हो रही प्रगति दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अंतरिम व्यापार समझौते और मिशन इंडिया के तहत अमेरिका में 20 अरब डॉलर से अधिक के नए निवेश की संभावना है।
वहीं, उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने कहा कि अमेरिका और तेलंगाना के बीच केवल आर्थिक नहीं बल्कि गहरे सांस्कृतिक संबंध भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अमेरिका के साथ द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी महावाणिज्य दूत लारा विलियम्स की उपस्थिति में स्मारक पट्टिका का अनावरण किया गया।
और पढ़ें: होर्मुज में हमलों से फिर भड़का तनाव, अमेरिका और ईरान ने किए जवाबी सैन्य प्रहार