ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास ड्रोन दिखने से हड़कंप, मालदा में सुरक्षा अलर्ट
मालदा में ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास ड्रोन दिखने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गईं। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के हेलीकॉप्टर के पास ड्रोन दिखने से शनिवार को मालदा में हड़कंप मच गया। यह घटना उस समय हुई जब ममता बनर्जी चुनावी रैली में हिस्सा लेने के बाद मालतिपुर से गाजोल के लिए रवाना हो रही थीं और हेलीकॉप्टर में सवार होने जा रही थीं।
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत अलर्ट जारी किया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
अधिकारियों के अनुसार, यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ड्रोन किसने उड़ाया और वह इतनी संवेदनशील जगह के पास कैसे पहुंचा। इस घटना को सुरक्षा में बड़ी चूक के रूप में देखा जा रहा है।
ममता बनर्जी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के चुनाव अभियान के तहत मालदा पहुंची थीं। उन्होंने यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे पर बीजेपी से माफी मांगने की मांग की।
उन्होंने हाल ही में मालदा में न्यायिक अधिकारियों के घेराव की घटना पर भी बात की और आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) निर्दोष लोगों को परेशान कर रही है।
ममता बनर्जी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि आगामी चुनाव में बीजेपी को करारा जवाब देना चाहिए। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 23 और 29 अप्रैल को दो चरणों में होंगे, जबकि मतगणना 4 मई को होगी।