केरल के त्रिशूर में खड़े ट्रक से कार टकराई, आठ छात्रों की मौत
केरल के त्रिशूर में खड़े ट्रक से कार टकराने पर आठ लोगों की मौत हुई। मृतकों के तमिलनाडु के छात्र होने की आशंका है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
केरल के त्रिशूर जिले में एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 11:40 बजे हुआ, जब तमिलनाडु में पंजीकृत एक कार राष्ट्रीय राजमार्ग-66 पर पनंबिक्कुन्नू के पास खड़े ट्रक से जा टकराई।
पुलिस ने बताया कि ट्रक कैपामंगलम क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-66 के किनारे खड़ा था। इसी दौरान कार उसमें पीछे से जा भिड़ी। बताया जा रहा है कि कार में सवार सभी आठ लोग पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के रहने वाले थे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वे गुरुवायूर से कोडुंगल्लूर की ओर जा रहे थे।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद पुलिस, दमकल विभाग और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए अधिकारियों को वाहन के हिस्से काटने पड़े। हालांकि, सभी आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
और पढ़ें: कैलिफोर्निया में केरल की दो महिलाओं की हत्या, सुरेश गोपी ने शव भारत लाने में मदद का दिया भरोसा
पुलिस ने मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की है। एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मृतक तमिलनाडु के डिंडीगुल स्थित पीएसएनए इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र हो सकते हैं। पुलिस ने कहा कि पहचान और हादसे के कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।
सभी शवों को त्रिशूर मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में भेज दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम किया जाएगा।
त्रिशूर में पिछले महीने भी हुआ था हादसा
त्रिशूर के कुन्नमकुलम में पिछले महीने एक निजी बस ने कई वाहनों को टक्कर मार दी थी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पुलिस के अनुसार, बस चालक दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसने नियंत्रण खो दिया।
बस ने एक कार, ऑटोरिक्शा और दोपहिया वाहन को टक्कर मारी थी। बस एक निजी संपत्ति की चारदीवारी और गेट तोड़ते हुए परिसर में जाकर रुकी थी।
और पढ़ें: केरल के कोठामंगलम में अरुणाचल प्रदेश के 20 वर्षीय इंजीनियरिंग छात्र की मौत, तीन पन्नों का नोट बरामद