कानपुर में एल्विश यादव के डांडिया नाइट कार्यक्रम में हंगामा, फैन ने खींची जैकेट; साथी मंच से गिरा
कानपुर में एल्विश यादव के डांडिया नाइट कार्यक्रम में एक प्रशंसक मंच पर चढ़कर उनकी जैकेट खींचने लगा। अफरा-तफरी में उनका साथी मंच से गिर गया।
कानपुर के मोतीझील स्थित लाजपत भवन ग्राउंड में रविवार, 4 अक्टूबर को यूट्यूबर और रैपर-सिंगर एल्विश यादव के डांडिया नाइट कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक प्रशंसक मंच पर चढ़ गया और उसने पीछे से एल्विश की जैकेट खींच दी। घटना के दौरान एल्विश का एक साथी भी संतुलन बिगड़ने के कारण मंच से नीचे गिर गया।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद कार्यक्रम की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों और दर्शकों की मौजूदगी के बावजूद प्रशंसक मंच तक कैसे पहुंच गया। कार्यक्रम की मेजबानी कर रहे एंकर प्रतीक त्रिवेदी और शीतल मगर को स्थिति बिगड़ने के दौरान दर्शकों से शांत रहने की अपील करते देखा गया।
कुछ दर्शकों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी भी जताई।
देर से पहुंचे एल्विश यादव
कार्यक्रम में एल्विश यादव के देर से पहुंचने से भी कुछ दर्शक नाराज दिखाई दिए। एल्विश मंच से माफी मांगते नजर आए। उन्होंने बताया कि वह शाम करीब सात बजे से होटल में तैयार थे, लेकिन आयोजक उन्हें कार्यक्रम स्थल पर देर से लेकर पहुंचे। उन्होंने लंबे समय तक इंतजार करने वाले प्रशंसकों से माफी मांगी।
और पढ़ें: ज्वेल एंड्रयू के कवर के तौर पर वेस्टइंडीज ने आमिर जांगू को टी20 टीम में किया शामिल