×
 

रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराया

टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने नेपाल को रोमांचक मुकाबले में 4 रन से हराया। ब्रूक और बेथेल के अर्धशतक तथा आर्चर की अहम गेंदबाजी जीत की कुंजी बनी।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड ने नेपाल को मात्र 4 रन से हराकर जीत दर्ज की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड ने मजबूत प्रदर्शन किया और निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 184 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने शानदार अर्धशतक जड़कर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। मध्यक्रम में ब्रूक और बेथेल की बेहतरीन साझेदारी ने नेपाल के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। हालांकि आखिरी ओवरों में नेपाल ने वापसी करते हुए कुछ विकेट जरूर झटके, लेकिन तब तक इंग्लैंड मजबूत स्थिति में पहुंच चुका था।

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नेपाल की टीम ने भी शानदार लड़ाई दिखाई। आरिफ शेख और लोकेश बाम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। 17 ओवर के बाद नेपाल का स्कोर 139/4 था और टीम जीत के करीब दिखाई दे रही थी। लेकिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने अहम मौके पर आरिफ शेख का विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया।

और पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप 2026: श्रीलंका बनाम आयरलैंड मुकाबला, आयरलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी

नेपाल की टीम ने अंत तक संघर्ष किया, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा और टीम को निर्धारित ओवरों में लक्ष्य तक पहुंचने से रोक दिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरुआत की। इंग्लैंड पहले भी 2010 और 2022 में टी20 वर्ल्ड कप जीत चुका है और 2024 संस्करण में सेमीफाइनल तक पहुंचा था।

नेपाल की टीम ने भले ही मैच गंवा दिया, लेकिन उनके प्रदर्शन ने यह दिखा दिया कि वे बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर देने की क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप वार्म-अप मैच: भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हराया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share