×
 

एटा में कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत और 6 घायल

उत्तर प्रदेश के एटा में तेज रफ्तार ट्रक ने कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। हादसे में एक कांवड़िए की मौत हो गई और छह लोग घायल हुए।

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में मैनपुरी-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां कांवड़ियों को लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को एक तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक कांवड़िए की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। हादसा शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जिले के कुरावली क्षेत्र के किशनपुर गांव से कांवड़िए गंगा जल लेने के लिए सोरों जा रहे थे। सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार थे। इसी दौरान मैनपुरी-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रॉली में बैठे कई कांवड़िए घायल हो गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से एटा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।

और पढ़ें: गाजीपुर की पहचान का संकट कांग्रेस और सपा ने पैदा किया: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

घायलों में शामिल 50 वर्षीय सत्यपाल के सिर में गंभीर चोट आई थी। उनकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सैफई के अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई।

इस हादसे में घायल अन्य कांवड़ियों की पहचान 15 वर्षीय रागिनी, 23 वर्षीय निशा, 35 वर्षीय गीतम, 40 वर्षीय रघुवीर, 22 वर्षीय संध्या और 15 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है। सभी का इलाज अस्पताल में जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 15 से 20 तीर्थयात्री सवार थे। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाईवे पर लगी स्ट्रीट लाइटें बंद थीं, जिसके कारण सड़क पर अंधेरा था और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई।

वहीं, बाराबंकी जिले में भी कांवड़ियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हुई। बड्डूपुर थाना क्षेत्र में वाहन अनियंत्रित होकर खेत में उतर गया, जिसमें तीन कांवड़िए घायल हुए। प्रशासन लगातार कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से सावधानी और अनुशासन बनाए रखने की अपील कर रहा है।

और पढ़ें: योगी आदित्यनाथ का विपक्ष पर हमला, बोले- कांग्रेस और सपा ने छात्रों को बदनाम करने की कोशिश की

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share