×
 

हरिद्वार में गंगनहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार कांवड़ियों की मौत, एक को बचाने में तीन साथियों ने गंवाई जान

हरिद्वार में गंगाजल लेने आए चंडीगढ़ के चार किशोर कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। एक साथी को बचाने की कोशिश में तीन अन्य भी डूब गए।

उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां गंगाजल लेने पहुंचे चंडीगढ़ के चार किशोर कांवड़ियों की गंगनहर में डूबने से मौत हो गई। सभी कांवड़िए एक समूह के साथ हरिद्वार पहुंचे थे और हादसा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के जटवाड़ा पुल के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, मृतकों की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। कांवड़ यात्रा के दूसरे दिन हुए इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। काफी मशक्कत के बाद जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमों ने चारों कांवड़ियों के शव गंगनहर से बाहर निकाले।

बताया जा रहा है कि जटवाड़ा पुल के पास गंगनहर में नहाने के दौरान एक कांवड़िया अचानक गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके तीन साथी भी तुरंत पानी में उतर गए। लेकिन गंगनहर की गहराई और तेज बहाव के कारण वे भी पानी की चपेट में आ गए। कुछ ही समय में चारों किशोर गंगनहर में लापता हो गए।

और पढ़ें: महाकुंभ 2027 की तैयारी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में 235 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शुभारंभ किया

स्थानीय लोगों के अनुसार, गंगनहर में सिल्ट जमा होने के कारण कुछ स्थानों पर पानी का स्तर कम किया गया था। इसके कारण कई श्रद्धालु नहर के बीच तक जाकर स्नान कर रहे थे। हालांकि, वे वहां मौजूद गहरे गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा सके। एक किशोर गड्ढे में डूब गया और उसे बचाने के प्रयास में उसके साथी भी हादसे का शिकार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। लंबे समय तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद चारों शव बरामद किए गए।

हरिद्वार के नगर पुलिस अधीक्षक अभय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। उन्होंने कहा कि हादसे की सूचना मृतकों के परिजनों को दे दी गई है।

पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा और गंगनहर में स्नान करते समय प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित घाटों का ही उपयोग करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।

और पढ़ें: कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर सीएम धामी बोले- श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share