×
 

गढ़चिरौली के आश्रम स्कूल में जहरीले सांप का कहर, तीन आदिवासी छात्राओं की मौत

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आश्रम स्कूल के छात्रावास में जहरीले सांप ने छह छात्राओं को डस लिया। हादसे में तीन की मौत हो गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धानोरा तहसील स्थित जपतलाई आश्रमशाला के छात्रावास में जहरीले सांप के डसने से तीन आदिवासी छात्राओं की मौत हो गई। हादसा 9 अगस्त की रात करीब दो बजे हुआ, जब छात्रावास के एक कमरे में लगभग 79 छात्राएं सो रही थीं। अचानक कमरे में सांप घुस आया और उसने छह छात्राओं को डस लिया।

सर्पदंश के बाद छात्रावास में अफरा-तफरी मच गई। सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल धानोरा के स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इलाज के दौरान दो छात्राओं ने दम तोड़ दिया। गंभीर हालत में एक अन्य छात्रा को गढ़चिरौली जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान और घटना से जुड़ी अन्य जानकारी प्रशासन जुटा रहा है। दीपिका बिटकुसाय मडावी की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद छात्रावास में रह रही अन्य छात्राओं में भी भय का माहौल है। कुछ छात्राओं को घबराहट, बेचैनी और उल्टी जैसी शिकायतें हुईं। एहतियात के तौर पर कई छात्राओं को अस्पताल में चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

और पढ़ें: क्या शुद्ध पेट्रोल आपके पिता के घर से आएगा? बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा की इथेनॉल टिप्पणी पर विवाद

घटना ने आश्रमशाला की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 79 छात्राओं के लिए पर्याप्त बिस्तरों की व्यवस्था नहीं थी और कई छात्राएं जमीन पर गद्दे बिछाकर सोती थीं। एक गद्दे पर दो छात्राओं के सोने की बात भी सामने आई है।

अब प्रशासन के सामने यह जांच करना चुनौती है कि सांप छात्रावास के कमरे तक कैसे पहुंचा और जहरीले जीवों से बचाव के लिए पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं थे। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग तेज हो सकती है। तीन छात्राओं की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है।

और पढ़ें: कड़वी सीनेट प्राइमरी के बाद मिशिगन डेमोक्रेट्स को एकजुट करने की कोशिश, अब्दुल अल-सैयद ने ओबामा से की बात

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share