×
 

वीरता पदक विजेताओं को आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा, 1 नवंबर से बुकिंग

वीरता पदक विजेताओं और पात्र परिवारों को 1 नवंबर 2026 से आजीवन मुफ्त रेल यात्रा मिलेगी। ऑनलाइन पंजीकरण, सत्यापन और ई-पास के बाद आईआरसीटीसी से टिकट बुक होंगे।

भारत सरकार ने वीरता पदक से सम्मानित सशस्त्र बलों के जवानों और पात्र परिवार के सदस्यों के लिए आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। यह सुविधा 1 नवंबर 2026 से लागू होगी और पात्र लाभार्थी आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे।

रक्षा मंत्रालय ने इस सुविधा को लागू करने के लिए डिजिटल और कागजरहित व्यवस्था तैयार की है। पात्र लाभार्थियों को सबसे पहले इंडियन रेलवे कन्सेशन कार्ड पोर्टल (आईआरसीसीपी) पर ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद उपलब्ध कराई गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन सफल होने पर ऑनलाइन इलेक्ट्रॉनिक पास जारी किया जाएगा। इसके आधार पर लाभार्थी आईआरसीटीसी वेबसाइट से टिकट बुक कर सकेंगे।

आजीवन मुफ्त यात्रा की सुविधा वीरता के लिए सेना मेडल, नौ सेना मेडल और वायु सेना मेडल प्राप्त करने वाले सशस्त्र बलों के कर्मियों को मिलेगी। इसके तहत भारतीय रेलवे में प्रथम श्रेणी, द्वितीय वातानुकूलित (2एसी) और वातानुकूलित चेयर कार में बिना किराया दिए यात्रा की जा सकेगी। पुरस्कार प्राप्तकर्ता के साथ एक साथी को भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

और पढ़ें: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना में 10.847 किमी लंबी सुरंग का फाइनल ब्रेकथ्रू

सरकार ने कुछ पात्र पारिवारिक सदस्यों को भी इस सुविधा के दायरे में रखा है। इनमें वीरता पदक विजेताओं के पति या पत्नी शामिल हैं। सेवा के दौरान दिवंगत पदक विजेता के विधवा या विधुर को भी यह सुविधा मिलेगी, बशर्ते उन्होंने पुनर्विवाह न किया हो। अविवाहित कर्मियों को मरणोपरांत वीरता पदक मिलने की स्थिति में उनके माता-पिता भी पात्र होंगे।

अब तक आजीवन मुफ्त रेल यात्रा की सुविधा परमवीर चक्र, महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र जैसे छह प्रमुख चक्र पुरस्कारों के विजेताओं को मिलती थी। नए फैसले से सेना, नौ सेना और वायु सेना मेडल के वीरता श्रेणी के विजेता भी इस सुविधा में शामिल हो गए हैं।

और पढ़ें: पांच राज्यों में 11 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं को मंजूरी, सात व्यस्त कॉरिडोर होंगे फोर-लेन

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share