×
 

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला; 53 ट्रेनें प्रभावित

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मालगाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए। बड़ा हादसा टल गया, लेकिन 53 ट्रेनें प्रभावित हुईं और कई रद्द व डायवर्ट करनी पड़ीं।

दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेलखंड पर मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस दुर्घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के कारण इस व्यस्त रेलमार्ग पर रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। रेलवे की तकनीकी और राहत टीमें तुरंत मौके पर भेजी गईं। पटरी की मरम्मत और पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया ताकि रेल सेवाएं जल्द से जल्द सामान्य की जा सकें।

रेलवे के अनुसार इस दुर्घटना के कारण कुल 53 ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। इनमें 24 ट्रेनों का मार्ग बदला गया, जबकि 16 यात्री ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। इसके अलावा पांच ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया तथा आठ ट्रेनों को नियंत्रित (रेगुलेट) किया गया। कई ट्रेनों को नई दिल्ली की बजाय गाजियाबाद तक ही संचालित किया गया या वहीं से डायवर्ट किया गया।

और पढ़ें: रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस से कुमाऊं और गढ़वाल के बीच रेल संपर्क होगा मजबूत: अश्विनी वैष्णव

प्रभावित ट्रेनों में गाजियाबाद-दिल्ली, गाजियाबाद-नई दिल्ली, नई दिल्ली-गाजियाबाद और साहिबाबाद-दिल्ली के बीच चलने वाली कई ईएमयू लोकल सेवाएं पूरी तरह रद्द कर दी गईं। वहीं सहारनपुर-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन को साहिबाबाद-दिल्ली सराय रोहिल्ला मार्ग से डायवर्ट किया गया। अलीगढ़ और पलवल आने-जाने वाली कुछ ट्रेनों के समय और मार्ग में भी बदलाव किया गया है।

सुबह के व्यस्त समय में हुई इस घटना से दिल्ली-एनसीआर के हजारों दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। उत्तरी रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन के लिए निकलने से पहले नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (एनटीईएस) या रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अपनी ट्रेन का ताज़ा परिचालन स्थिति अवश्य जांच लें। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि प्रभावित रेलखंड पर तेजी से मरम्मत कार्य जारी है और जल्द ही रेल सेवाएं सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।

और पढ़ें: 2027 से दौड़ेगी मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन, शुरुआत में चलेगी स्वदेशी हाई-स्पीड ट्रेन

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share