×
 

कांवड़ यात्रा के चलते 4 से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे गाजियाबाद के सभी स्कूल-कॉलेज, दिल्ली पुलिस ने भी जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

कांवड़ यात्रा के मद्देनजर गाजियाबाद में 4 से 12 अगस्त तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने भी ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी।

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी स्कूल 4 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे। यह आदेश नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी विद्यालयों पर लागू होगा।

आदेश में कहा गया है कि जिलाधिकारी, गाजियाबाद के निर्देशों के अनुपालन में बेसिक शिक्षा बोर्ड, माध्यमिक शिक्षा बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, अन्य मान्यता प्राप्त बोर्डों और मदरसा बोर्ड से संबद्ध सभी सरकारी एवं निजी विद्यालय इस अवधि में बंद रहेंगे।

इसके अलावा जिले के सभी सरकारी और निजी कॉलेज, विश्वविद्यालय तथा तकनीकी शिक्षण संस्थान भी 4 से 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि जिन परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले से निर्धारित है, वे अपने तय समय के अनुसार आयोजित की जाएंगी।

और पढ़ें: जुलाई में भारत का विनिर्माण पीएमआई 53.5 पर आया, सुस्त हुई रफ्तार लेकिन विस्तार जारी

उधर, दिल्ली पुलिस ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक कांवड़ियों की आवाजाही और कांवड़ शिविरों के कारण पश्चिमी दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर भारी यातायात दबाव रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक की जानकारी प्राप्त करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

दिल्ली पुलिस के अनुसार नजफगढ़ फिरनी रोड, रोहतक रोड, पंखा रोड, देव प्रकाश शास्त्री मार्ग, नांगलोई-नजफगढ़ रोड और आउटर रिंग रोड पर सबसे अधिक ट्रैफिक जाम की संभावना है।

कांवड़ियों की सुगम आवाजाही के लिए अलग-अलग मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। जखीरा से मादीपुर, पीरागढ़ी चौक, नांगलोई चौक, मुंडका होते हुए टीकरी बॉर्डर तक एक मार्ग बनाया गया है। वहीं जखीरा से उत्तम नगर, नजफगढ़ फिरनी रोड और झरोदा बॉर्डर तक दूसरा मार्ग तय किया गया है। इसके अलावा मधुबन चौक से जनकपुरी डिस्ट्रिक्ट सेंटर तथा रतनपुरी चौक से लोहा मंडी तक भी कांवड़ियों के लिए विशेष मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

और पढ़ें: NEET प्रदर्शन मामला: सुप्रीम कोर्ट सख्त, CJI सूर्यकांत बोले- पुलिस की ज्यादती भी नहीं बचेगी, अपराधी तत्वों को भी राहत नहीं

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share