×
 
☰

मुठभेड़ के बाद स्नैचर इमरान गिरफ्तार, पैर में गोली लगते ही बोला- अब कभी अपराध नहीं करूंगा

गाजियाबाद में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद स्नैचर इमरान को गिरफ्तार किया। पैर में गोली लगने के बाद उसने अपराध छोड़कर पढ़ाई करने की बात कही।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में थाना कविनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद स्नैचिंग की कई वारदातों में कथित रूप से शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से लूटे गए सोने की टिक्की, हथियार और वारदात में इस्तेमाल वाहन बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, देर रात थाना कविनगर पुलिस आइडियल कॉलेज रोड चौराहा, शताब्दीपुरम के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर आरोपी पर पड़ी। खुद को घिरा देखकर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 20 वर्षीय इमरान मंसूरी उर्फ मक्खी के रूप में हुई है। वह दिल्ली के लोहिया नगर, थाना आदर्श नगर का रहने वाला बताया गया है। घायल आरोपी को गाजियाबाद के संजय नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

और पढ़ें: जमुई नाबालिग उत्पीड़न मामले में मुख्य आरोपी नंदन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल

पुलिस के मुताबिक, इमरान गोविन्दपुरम इलाके में हुई मंगलसूत्र लूट की एक घटना में वांछित था। 11 सितंबर को आरके पुरम, गोविन्दपुरम की एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि सफेद स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनके गले से करीब पांच ग्राम का सोने का मंगलसूत्र छीन लिया था।

पूछताछ में इमरान ने कथित तौर पर वारदात कबूल की। उसने बताया कि उसने अपने साथी सूरज के साथ मिलकर मंगलसूत्र लूटा था। पहचान छिपाने और सोना बेचने के लिए दोनों ने मंगलसूत्र पिघलाकर टिक्की बना दी। आरोपी ने आरडीसी इलाके में दो मोबाइल फोन छीनने की बात भी बताई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के समय वह सोना बेचने और नई वारदात करने के इरादे से निकला था। गोली लगने के बाद इमरान ने कथित तौर पर कहा कि वह अब अपराध नहीं करेगा और पढ़ाई-लिखाई करेगा।

और पढ़ें: गाजियाबाद में मुठभेड़ के बाद दो शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की ब्रेजा और तमंचा बरामद

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share