×
 

गोंदिया में 5 साल की बच्ची पर आवारा कुत्तों का हमला, सीसीटीवी में कैद हुई दिल दहला देने वाली घटना

महाराष्ट्र के गोंदिया में स्कूल वैन का इंतजार कर रही 5 वर्षीय बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। बच्ची घायल है और अस्पताल में इलाज जारी है।

महाराष्ट्र के गोंदिया शहर में आवारा कुत्तों के आतंक का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहां एक 5 साल की मासूम बच्ची पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसके सामने आने के बाद इलाके में डर और आक्रोश का माहौल है।

यह घटना गोंदिया शहर के प्रभाग क्रमांक 4, बाईपास (रिंग रोड) क्षेत्र में मजार के पीछे की बताई जा रही है। 15 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे बच्ची अपने घर के बाहर रोजाना की तरह स्कूल वैन का इंतजार कर रही थी। तभी अचानक कई आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान बच्ची सड़क पर गिर गई और कुत्ते उसे घेरकर नोचने लगे। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग घबरा गए। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली एक महिला तुरंत मौके पर पहुंची और उसने कुत्तों को भगाकर बच्ची की जान बचाई।

और पढ़ें: मुंबई के मीरा रोड में बड़ा हादसा, निर्माणाधीन इमारत का क्रेन वाहनों पर गिरा, एक की मौत, कई घायल

घटना में बच्ची के शरीर पर कुत्तों के पंजों के निशान और दांतों से लगी चोटें आई हैं। हमले के बाद डरे हुए सुरेंद्र हरिनखेड़े परिवार ने तुरंत बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे रेबीज का इंजेक्शन लगाया। चिकित्सकों के अनुसार, बच्ची शारीरिक चोटों के साथ-साथ मानसिक रूप से भी काफी डर गई है। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में जारी है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नगर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। गोंदिया के पार्षद राज शुक्ला ने नगर परिषद के मुख्य अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवारा कुत्तों की नसबंदी और उनकी धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शहर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सड़क पर चलने वाले लोगों, वाहन चालकों, बच्चों और बुजुर्गों को आए दिन इनके हमलों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों ने प्रशासन से सवाल किया है कि आखिर उन्हें इस बढ़ते "डॉग टेरर" से कब राहत मिलेगी। नागरिकों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर हो सकती हैं।

और पढ़ें: लातूर के मशहूर हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मेहुल राठौड़ ने की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share