×
 
☰

ग्रेटर नोएडा: एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध हालत में मौत, मां-बाप और तीन बच्चे बिस्तर पर मिले मृत

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव में महेश, पत्नी ललिता और उनके तीन बच्चों की बिस्तर पर संदिग्ध हालत में मौत हो गई, शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका।

ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों में पति-पत्नी के साथ उनके तीन नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं। सभी शव घर में बिस्तर पर ही पड़े मिले।

शनिवार सुबह जब परिवार काफी देर तक जागा नहीं, तो पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने घर जाकर आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो पांचों लोग बिस्तर पर लेटे हुए नज़र आए। किसी तरह की हलचल न दिखने पर पड़ोसियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया, जहां सभी बेहोश अवस्था में पड़े मिले। चारपाई पर पिता अपने बड़े बेटे से लिपटे हुए थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। दूसरे बिस्तर पर मां अपनी दोनों बेटियों के ऊपर हाथ रखे लेटी हुई थी।

पुलिस फौरन सभी को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान महेश (37), उनकी पत्नी ललिता (35), बेटे लड्डू (11) और साक्षत (3), तथा बेटी मिष्टी (7) के रूप में हुई है।

और पढ़ें: जेडीयू नेता अनंत सिंह के 'नीतीश कुमार के लिए 9 हत्याएं कराने' वाले बयान से मचा बवाल, पार्टी ने झाड़ा पल्ला

महेश की मां ने बताया कि परिवार के सभी सदस्यों ने रात को सोने से पहले नूडल्स खाया था। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हो सकी है कि मौतों का कारण नूडल्स खाना ही था। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

पड़ोसियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित नंगला श्रीपदम गांव में महेश अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहते थे और मजदूरी करके घर का खर्च चलाते थे। शुक्रवार रात करीब 10 बजे सभी ने खाना खाया और सोने चले गए थे। परिवार रोज सुबह जल्दी उठ जाता था, लेकिन शनिवार को देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों को शक हुआ।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। घर के किचन में रखे बर्तन में नूडल्स लगा हुआ पाया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मामला फूड पॉइजनिंग का है या फिर परिवार ने किसी पारिवारिक समस्या के चलते सुसाइड किया है।

फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने मौके से सभी जरूरी सबूत इकट्ठा कर लिए हैं। शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण सामने आ सकेगा।

और पढ़ें: चीन से आगे बढ़कर भारत पर दांव लगा रहीं जर्मन कंपनियां, मशीनरी निर्यात में 11% की वृद्धि

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share