अमेरिका के ओहायो में भीषण आग, गुजरात के एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत
अमेरिका के ओहायो में एक मोटल में भीषण आग लगने से गुजरात के नडियाद निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई। जांच जारी है।
अमेरिका के ओहायो राज्य में एक दर्दनाक हादसे में गुजरात के एक ही परिवार के तीन सदस्यों की आग में झुलसकर मौत हो गई। यह हादसा वूस्टर स्थित इकोनो लॉज मोटल में हुआ, जहां भीषण आग लगने के बाद पूरा परिसर धुएं और लपटों से घिर गया।
मृतकों की पहचान हितेशभाई सुथार, उनकी पत्नी हिनाबेन सुथार और उनकी 20 वर्षीय बेटी ईशानी सुथार के रूप में हुई है। तीनों मूल रूप से गुजरात के खेड़ा जिले के नडियाद के रहने वाले थे और करीब दो वर्ष पहले अमेरिका के ओहायो में आकर बस गए थे। हितेशभाई उसी मोटल में काम करते थे और परिवार वहीं रहता था।
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग स्थानीय समयानुसार रात करीब एक बजे लगी। वूस्टर टाउनशिप के फायर चीफ डैलस टेरेल ने बताया कि जब दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं तो आग की लपटें मोटल की छत तक पहुंच चुकी थीं।
जानकारी के मुताबिक, आग लगने के बाद परिवार ने मोटल के फ्रंट डेस्क से संपर्क कर मदद मांगी। उन्हें सलाह दी गई कि वे बाथरूम में जाकर पानी चालू रखें और वहीं सुरक्षित रहें। परिवार ने इसी सलाह का पालन किया, लेकिन घना धुआं भर जाने के कारण तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्थानीय पुलिस और फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आएगी।
इससे पहले भी पिछले वर्ष न्यूयॉर्क के अल्बानी में आग लगने की घटना में भारतीय मूल की सहजा रेड्डी उदुमाला की मौत हुई थी, जिसके बाद भारतीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई थी।