×
 

गुरुग्राम हिट एंड रन मामले में आरोपी का दावा- बाइकर्स 10 मिनट तक करते रहे परेशान

गुरुग्राम में महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर के आरोपी कल्याण बैसला ने घटना को दुर्घटना बताया। उनका दावा है कि बाइकर्स दस मिनट तक उन्हें परेशान करते रहे।

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कार चालक कल्याण बैसला ने अपना पक्ष सामने रखा है। कल्याण ने दावा किया कि घटना जानबूझकर नहीं हुई, बल्कि सड़क पर बाइक राइडर्स की वजह से बनी स्थिति के दौरान बाइक उनकी कार से टकराई।

कल्याण बैसला के मुताबिक, वह दिल्ली से गुरुग्राम की ओर आ रहे थे। कार में उनकी बहन और बुआ का बेटा भी मौजूद था। गोल्फ कोर्स रोड पर पहुंचने के बाद कुछ बाइक राइडर्स उनकी कार के कभी आगे तो कभी पीछे बाइक चला रहे थे। उनका दावा है कि करीब 10 मिनट तक बाइक राइडर्स उन्हें परेशान करते रहे।

कल्याण ने बताया कि उन्होंने कार से हाथ बाहर निकालकर एक बाइक राइडर को इशारा किया था कि वह अच्छी बाइक चला रहा है, लेकिन थोड़ा धीमे और सावधानी से चले। उन्होंने कहा कि उन्हें खुद भी बाइक चलाना पसंद है, लेकिन लगातार परेशान किए जाने के कारण वह बाइक राइडर्स से आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे।

और पढ़ें: गुरुग्राम हिट एंड रन में महिला बाइक सवार घायल, हादसे के बाद खुद बाइक चलाकर पहुंची घर

उनके अनुसार, उन्हें आगे मुड़ना था और इसी दौरान एक बाइक उनकी कार की साइड से टकरा गई। घटना के बाद वह लाल बत्ती पर रुके भी थे, लेकिन कार में मौजूद उनके बड़े रिश्तेदार ने आशंका जताई कि वहां रुकने पर उनके साथ मारपीट हो सकती है। इसके बाद वे वहां से निकल गए।

कल्याण ने सोशल मीडिया और मीडिया में वायरल हो रही वीडियो की छोटी क्लिप को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पूरी वीडियो सामने आनी चाहिए, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कार और बाइक के बीच टक्कर होने की बात स्वीकार की, लेकिन इसे जानबूझकर किया गया कृत्य मानने से इनकार किया। बाद में महिला बाइक राइडर होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने अफसोस जताया।

कल्याण ने बताया कि उन्होंने घटना के संबंध में एक डीएसपी से बातचीत कर अपना पक्ष रखा है। उनका दावा है कि अभी तक उनके खिलाफ कोई पुलिस मुकदमा दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने खुद को जिम संचालक और बच्चों को प्रशिक्षण देने वाला व्यक्ति बताया। उनके अनुसार, वह राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी भी रह चुके हैं।

हालांकि, मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।

और पढ़ें: गुरुग्राम हिट एंड रन में महिला बाइक सवार घायल, हादसे के बाद खुद बाइक चलाकर पहुंची घर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share