गुरुग्राम में पावर आउटेज के बाद बिजली आपूर्ति बहाल, ट्रांसफॉर्मर फटने से मचा था हड़कंप
गुरुग्राम के सेक्टर-72 में ट्रांसफॉर्मर में आग और ब्लास्ट के बाद कई इलाकों में बिजली गुल हो गई थी। अब मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है।
गुरुग्राम में शुक्रवार रात बड़ा बिजली संकट उस समय पैदा हो गया जब सेक्टर-72 स्थित 220 केवीए पावर स्टेशन के मुख्य ट्रांसफॉर्मर में तकनीकी खराबी के बाद आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। इस घटना के कारण शहर के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिसे अब शनिवार को बहाल कर दिया गया है।
कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) अनिल मलिक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना रात करीब 7:50 बजे हुई थी। उनके अनुसार, 220 केवीए ट्रांसफॉर्मर में तेल रिसाव (ऑयल लीकेज) हुआ था, जिसके बाद ब्रेकर कट करते समय अचानक ब्लास्ट हो गया और आग लग गई। इस कारण कई सब-स्टेशनों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई।
अनिल मलिक ने बताया कि इस हादसे से सेक्टर-52 और सेक्टर-56 सहित लगभग पांच सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इसके अलावा रैपिड मेट्रो सेवा भी कुछ समय के लिए बाधित हो गई थी, हालांकि उसे लगभग 8:25 बजे तक बहाल कर दिया गया था।
और पढ़ें: NEET Re-एग्जाम देने वाले छात्रों के लिए बिहार सरकार की बड़ी राहत, मुफ्त बस यात्रा की सुविधा
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के प्रवक्ता संदीप चुघ ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण तेल रिसाव हुआ, जिसके चलते करंट ट्रांसफर सर्किट में विस्फोट हो गया। इसके बाद सात पावर स्टेशनों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर आपातकालीन मरम्मत कार्य शुरू किया और कुछ ही घंटों में व्यवस्था को नियंत्रित कर लिया गया। विभाग के अनुसार, बिजली आपूर्ति पूरी तरह से सामान्य कर दी गई है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
अधिकारियों ने बताया कि घटना के समय तेज गर्मी और थर्मल हीटिंग भी एक कारण रहा, जिससे ट्रांसफॉर्मर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा और यह हादसा हुआ। प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए तकनीकी जांच के आदेश दिए हैं।
और पढ़ें: दक्षिणी कैलिफोर्निया में केमिकल टैंक फटने का खतरा, हजारों लोगों को घर छोड़ने का आदेश