गुरुग्राम-सोहना एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क, विशाल गड्ढे से लगा लंबा जाम
गुरुग्राम-सोहना एक्सप्रेसवे पर विशाल गड्ढा बनने से यातायात प्रभावित हुआ। तीन वर्षों में यह तीसरी घटना है, जिससे सड़क निर्माण और सीवर व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे हैं।
हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड फ्लाईओवर रोड का एक हिस्सा फिर धंस गया, जिससे इलाके में भारी यातायात जाम लग गया। यह घटना सुभाष चौक के पास हुई, जहां सड़क पर अचानक बड़ा गड्ढा बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने प्रभावित हिस्से को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है, ताकि कोई वाहन या राहगीर दुर्घटना का शिकार न हो।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में इस सड़क पर यह तीसरी बड़ी घटना है। इससे पहले दिसंबर 2023 में एसडी आदर्श विद्यालय के सामने करीब पांच फीट गहरा और दो फीट चौड़ा गड्ढा बना था। इसके आठ महीने बाद उसी स्थान पर लगभग आठ मीटर गहरा एक और गड्ढा सामने आया था।
वहीं अगस्त 2020 में फ्लाईओवर निर्माण के दौरान भी सड़क का एक हिस्सा धंस गया था, जिसके कारण निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रोकना पड़ा था।
और पढ़ें: चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद उठे सवाल: किन दस्तावेजों से खुल सकती थी तृणमूल कांग्रेस की पोल?
स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क के नीचे से गुजर रही सीवर पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे ऊपर की सड़क धंस जाती है। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में हरियाणा में भाजपा सरकार आने के बाद तत्कालीन लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बिना पर्याप्त जांच के सड़क निर्माण को तेजी से आगे बढ़ाया।
विशेषज्ञों के अनुसार, सड़क धंसने की मुख्य वजह हाईवे के नीचे मौजूद 1800 मिमी की क्षतिग्रस्त मास्टर सीवर लाइन है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को 2022 में यह नेटवर्क सौंपा गया था, लेकिन मुख्य पाइपलाइन का पुनर्वास अब तक पूरा नहीं हो पाया है।
बताया जा रहा है कि वर्ष 2017 में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने करीब 28.75 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन सुधार का प्रस्ताव दिया था, लेकिन बाद में परियोजना का दायरा सीमित कर दिया गया। इसके कारण मुख्य पाइपलाइन की मरम्मत अधूरी रह गई और समस्या लगातार बनी हुई है।