वायरल रील के चक्कर में कार बनी किसिंग कार, 3,400 लिपस्टिक किस के बाद लगा 5,500 रुपये का चालान
ग्वालियर में आदित्य सिकरवार ने इंस्टाग्राम रील के लिए कार पर 3,400 लिपस्टिक किस बनवाए। वीडियो वायरल होने के बाद यातायात पुलिस ने 5,500 रुपये का चालान काट दिया।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में एक युवक को अनोखा स्टंट करना भारी पड़ गया। ग्वालियर निवासी आदित्य सिकरवार ने अपनी सफेद मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार को ‘किसिंग कार’ में बदल दिया। उनकी महिला मित्र ने कार पर करीब 3,400 लिपस्टिक किस के निशान बनाए। इसके बाद आदित्य ने कार को सड़क पर चलाते हुए वीडियो बनाया और उसे इंस्टाग्राम पर रील के रूप में अपलोड कर दिया।
यह वीडियो तेजी से वायरल हुआ और महज 24 घंटे में इसे करीब 55 लाख यानी 5.5 मिलियन व्यूज मिल गए। हालांकि, वायरल वीडियो ने ग्वालियर यातायात पुलिस का भी ध्यान खींच लिया। वीडियो में कार का पंजीकरण नंबर दिखाई दे रहा था, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन की पहचान कर ली।
जानकारी के मुताबिक, लाल लिपस्टिक से कार को सजाने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे। कार के बोनट, दरवाजों और लगभग पूरी बॉडी पर लिपस्टिक के निशान बनाए गए थे। इसके बाद आदित्य ने कार को सड़क पर तेज गति से चलाते हुए वीडियो शूट किया।
वीडियो वायरल होने के बाद ग्वालियर यातायात पुलिस की टीम ने थाटीपुर इलाके से कार को जब्त किया और आदित्य को यातायात थाने बुलाया। पूछताछ के दौरान उसने अपनी गलती स्वीकार की।
यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी के अनुसार, आदित्य ने थाने में पानी की मदद से कार पर लगे सभी करीब 3,400 लिपस्टिक निशान साफ किए। इसके बाद पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन और लापरवाही से वाहन चलाने के मामले में उस पर 5,500 रुपये का जुर्माना लगाया।
पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने के लिए सड़क सुरक्षा से समझौता करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई की जाएगी।