दादा से मिलने जा रहा 4 साल का मासूम 250 फीट गहरे बोरवेल में गिरा, हरियाणा के अंबाला में युद्धस्तर पर रेस्क्यू जारी
हरियाणा के अंबाला में चार वर्षीय निर्वैर सिंह 250 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। एनडीआरएफ, सेना और प्रशासन का संयुक्त बचाव अभियान लगातार जारी है।
हरियाणा के अंबाला जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। धन्योड़ा गांव में चार वर्षीय मासूम निर्वैर सिंह खेलते-खेलते करीब 250 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना के बाद जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और भारतीय सेना ने संयुक्त रूप से बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, निर्वैर सिंह अपने पिता के साथ खेत में अपने दादा से मिलने गया था। इसी दौरान वह पास में खेल रहा था। जिस बोरवेल में बच्चा गिरा, उसे केवल एक बोरी से ढका गया था। खेलते समय बच्चे को इसका अंदाजा नहीं लगा और वह सीधे बोरवेल में जा गिरा।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। बचाव दल मौके पर पहुंचा और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अंबाला के उपायुक्त अजय तोमर ने बताया कि जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और सेना की टीमें मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही हैं।
और पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में कब पहुंचेगा मानसून? आईएमडी ने बताया उत्तर भारत में बारिश का ताजा अपडेट
वहीं, अंबाला की एसडीएम इशिका गुप्ता ने बताया कि रेस्क्यू टीम को बोरवेल के अंदर बच्चे के हाथ दिखाई दिए। टीम ने हुक लगी रस्सी नीचे उतारी, लेकिन कई प्रयासों के बावजूद बच्चा उसे पकड़ नहीं सका। मौके पर भारी मशीनरी भी तैनात की गई है और समानांतर गड्ढा खोदने सहित अन्य तकनीकी उपाय अपनाए जा रहे हैं।
बच्चे के दादा कर्नैल सिंह ने बताया कि वह खेत में काम कर रहे थे। उन्होंने बच्चे को अपनी ओर बुलाया भी था, लेकिन इससे पहले कि वह उसके पास पहुंचते, मासूम बोरवेल में गिर गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बचाव स्थल से दूर रहें ताकि राहत एवं बचाव कार्य में कोई बाधा न आए। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि बच्चे को जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिया जाएगा।