×
 

हरियाणा की हैप्पी कार्ड योजना में तेजी, हजारों लाभार्थियों को मिले मुफ्त बस यात्रा कार्ड

हरियाणा की हैप्पी कार्ड योजना के तहत हांसी में कार्ड वितरण तेज हो गया है। हजारों लाभार्थियों को मुफ्त बस यात्रा सुविधा के लिए कार्ड जारी किए जा रहे हैं।

हरियाणा सरकार की हैप्पी कार्ड योजना का इंतजार कर रहे हजारों लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। हिसार जिले के हांसी में अब इस योजना के तहत कार्ड वितरण प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। परिवहन विभाग की ओर से आवेदकों को मोबाइल पर संदेश और ओटीपी भेजकर बस स्टैंड से कार्ड उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

हांसी बस स्टैंड पर करीब 96,932 नए हैप्पी कार्ड उपलब्ध कराए गए थे। इनमें से अब तक लगभग 77,721 लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। शुरुआती चरण में ओटीपी और मैसेज नहीं मिलने के कारण कार्ड वितरण प्रक्रिया प्रभावित हुई थी, लेकिन अब तकनीकी समस्या दूर होने के बाद काम तेजी से चल रहा है।

क्या है हैप्पी कार्ड योजना?

हरियाणा सरकार की हैप्पी कार्ड योजना के तहत अंत्योदय परिवारों को हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जाती है। जिन परिवारों की आय परिवार पहचान पत्र में 1.80 लाख रुपये से कम दर्ज है, उन्हें इस योजना का लाभ मिलता है। योजना के तहत पात्र लाभार्थी हर साल 1000 किलोमीटर तक निशुल्क बस यात्रा कर सकते हैं।

और पढ़ें: हरियाणा और राजस्थान को रेलवे की सौगात, चार ट्रेनों को मिले नए ठहराव

जिन लाभार्थियों के कार्ड तैयार हो चुके हैं, उन्हें मोबाइल पर संदेश भेजा जा रहा है। इसके अलावा रोडवेज कर्मचारी फोन करके भी लोगों को कार्ड लेने की जानकारी दे रहे हैं। विभाग ने लोगों से अपील की है कि संदेश मिलने के बाद ही बस स्टैंड पहुंचें, ताकि उन्हें किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।

हांसी बस स्टैंड पर कार्ड लेने पहुंचे मदनहेड़ी गांव के लाभार्थी रजनीश ने बताया कि उन्हें पहले फोन के माध्यम से सूचना मिली थी। बस स्टैंड पहुंचने के बाद ओटीपी सत्यापन पूरा होते ही उन्हें तुरंत हैप्पी कार्ड मिल गया।

हांसी बस स्टैंड के हैप्पी कार्ड प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि शुरुआत में ओटीपी और संदेश की समस्या के कारण कई लोगों को कार्ड नहीं मिल पाए थे। अब पिछले एक महीने से लगातार वितरण किया जा रहा है और इसके लिए रोडवेज कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

विभाग ने कहा है कि बचे हुए आवेदकों को भी जल्द संदेश भेजे जाएंगे और सभी पात्र लोगों को चरणबद्ध तरीके से हैप्पी कार्ड उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अधिकारियों ने लाभार्थियों से अपील की है कि वे धैर्य रखें और किसी तरह की चिंता न करें।

और पढ़ें: हरियाणा में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण की प्रक्रिया सुचारु रूप से जारी: केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share