×
 

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, 30 अगस्त तक सक्रिय रहेगा मानसून

मौसम विभाग ने 30 अगस्त तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। ओडिशा, बिहार, झारखंड और पूर्वोत्तर राज्यों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और बिहार समेत देश के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। विभाग के मुताबिक, 30 अगस्त तक अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, बिहार, मिजोरम, त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, नागालैंड, मणिपुर, विदर्भ, उत्तराखंड, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर भारी मानसूनी बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है। पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। कोंकण और गोवा में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी बारिश के आसार हैं।

पश्चिम बंगाल और उत्तरी ओडिशा के तटों के पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 28 से 31 अगस्त के बीच ओडिशा में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए विशेष चेतावनी जारी की है।

और पढ़ें: भारी बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर को मिली राहत, इन इलाकों में हल्की बारिश का अनुमान

अगले 24 घंटे का पूर्वानुमान

शनिवार को अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा सहित पूर्वोत्तर राज्यों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। लद्दाख, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और छत्तीसगढ़ में गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में रविवार को भारी बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा रहेगा। छत्तीसगढ़ में भी अच्छी से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक हो सकती है।

बिहार में शनिवार को कई जगह अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है। रविवार को झारखंड में व्यापक बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली, नोएडा और आसपास के एनसीआर क्षेत्रों में शनिवार और रविवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। शाम और रात के समय करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

और पढ़ें: ओडिशा और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share