हिम्मतनगर में पदयात्रियों को कार ने मारी टक्कर, गुस्साई भीड़ ने वाहन फूंका
साबरकांठा में पदयात्रियों को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने कार में आग लगा दी। पुलिस और दमकल टीम ने स्थिति संभाली।
गुजरात के साबरकांठा जिले में हिम्मतनगर के पास डोलगढ़ पटिया इलाके में सड़क हादसे के बाद तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के मुताबिक, पूनम के मेले में शामिल होने के लिए पदयात्रा कर रहे लोगों को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में करीब 5 से 7 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि पदयात्रियों को टक्कर मारने के बाद कार चालक मौके से निकलने की कोशिश कर रहा था। यह देखकर वहां मौजूद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। लोगों ने कार को रोक लिया और इसके बाद गुस्साई भीड़ ने वाहन में आग लगा दी। कुछ ही देर में कार आग की लपटों में घिर गई और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस टीम में जिला पुलिस अधीक्षक (डीएसपी), डिप्टी एसपी के अलावा रूरल, बी-डिविजन और एलसीबी यूनिट के जवान शामिल थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
और पढ़ें: गुजरात के प्रोफेसर ने विश्वविद्यालय परिसर में सभी धार्मिक अनुष्ठानों पर रोक की मांग की
कार में लगी आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम को भी बुलाया गया। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। वहीं, हादसे में घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
काफी देर तक बीच सड़क पर कार जलती रही। आग की लपटें और धुएं का गुबार कई फीट ऊपर तक उठता दिखाई दिया। इससे सड़क से गुजरने वाले वाहनों को परेशानी हुई और यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार, घायलों की पहचान की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घायलों में कितनी महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हैं। पुलिस हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
और पढ़ें: गुजरात के कच्छ में वाणिज्यिक वाहन की ईंधन टंकी में विस्फोट, दो बच्चों समेत चार की मौत