IIT कानपुर ने एआई-एमएल कोर्स का तीसरा बैच लॉन्च किया, एजेंटिक एआई का नया मॉडल शामिल
आईआईटी कानपुर ने एआई और मशीन लर्निंग के तीसरे ऑनलाइन बैच की घोषणा की है। इसमें एजेंटिक एआई समेत आधुनिक तकनीकों पर सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर ने अपने ऑनलाइन कोर्स ‘एप्लाइड मशीन लर्निंग एंड एजेंटिक एआई: फंडामेंटल्स टू नेक्स्ट जनरेशन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ के तीसरे बैच की घोषणा की है। यह नया बैच 1 दिसंबर 2026 से 19 जनवरी 2027 तक चलेगा। नए बैच के लिए कार्यक्रम की अवधि बढ़ाकर 50 दिन कर दी गई है।
यह शॉर्ट-टर्म इंटेंसिव कोर्स उम्मीदवारों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और मशीन लर्निंग (एमएल) की मजबूत बुनियाद देने के साथ आधुनिक एआई तकनीकों और स्वायत्त एआई एजेंट्स की जानकारी देगा। कोर्स का समन्वय प्रोफेसर राजेश एम. हेगड़े और प्रोफेसर केतन रजत करेंगे।
अर्ली-बर्ड रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख 30 सितंबर 2026 है। इसके बाद कोर्स की फीस बढ़ जाएगी। कार्यक्रम में पायथन, सांख्यिकी और एक्सप्लोरेटरी डेटा एनालिसिस, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, ट्रांसफॉर्मर्स और लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स, जेनरेटिव एआई, एमएलऑप्स, डिप्लॉयमेंट और एलएलएम इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ एजेंटिक एआई शामिल होंगे।
और पढ़ें: सीआईएसएफ ने साइबर सुरक्षा और एंटी-ड्रोन तकनीक मजबूत करने के लिए आईआईटी कानपुर से किए दो समझौते
यह कोर्स मशीन लर्निंग और एआई में करियर बनाने वाले उम्मीदवारों, विभिन्न क्षेत्रों में एआई समाधान पर शोध करने वालों, इंडस्ट्री प्रोफेशनल्स, उद्यमियों और एआई का व्यवस्थित ज्ञान हासिल करने वाले फैकल्टी सदस्यों के लिए है।
कोर्स में आईआईटी दिल्ली, आईआईएससी बेंगलुरु और यूनिवर्सिटी ऑफ ग्लासगो के शिक्षकों के साथ सोनी रिसर्च इंडिया और रोब्लॉक्स के इंजीनियर अतिथि वक्ता होंगे। प्रतिभागियों को रिकॉर्डेड लेक्चर, लाइव इंटरैक्शन और साप्ताहिक अतिथि व्याख्यान मिलेंगे।
कोर्स पूरा करने पर आईआईटी कानपुर प्रमाणपत्र और प्रोजेक्ट सर्टिफिकेट देगा। प्रतिभागियों को विशेष आईआईटी कानपुर मर्चेंडाइज भी दिया जाएगा।