×
 

आईएमडी का अलर्ट: दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने 6 सितंबर को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 6 सितंबर को देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम खराब रहने की संभावना है। कई इलाकों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके प्रभाव से पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी तेज बारिश का अनुमान है।

दिल्ली में आंधी-बारिश की संभावना

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में देर शाम गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। लोगों को आंधी के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

और पढ़ें: दिल्ली-एनसीआर में सुबह हुई बारिश, सोमवार तक बरसात के आसार; 25 से 27 अगस्त तक रहेगा सूखा

उत्तर प्रदेश और बिहार में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, गौतम बुद्ध नगर, सहारनपुर, प्रयागराज, गोरखपुर, कुशीनगर और लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।

बिहार में पटना, गया, जहानाबाद, बक्सर, रोहतास, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, दरभंगा, सुपौल और सहरसा में बारिश का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की तूफानी हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान और मध्य प्रदेश में भारी बारिश

राजस्थान के जयपुर, अलवर, भरतपुर, दौसा, बूंदी और उदयपुर में भारी बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश के इंदौर, सागर, विदिशा, कटनी, दमोह, खरगोन और खंडवा में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना है।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के कारण भूस्खलन और पहाड़ी सड़कों पर व्यवधान का खतरा बढ़ सकता है। भारी बारिश से नदियों का जलस्तर बढ़ने की भी आशंका है। प्रशासन ने संवेदनशील और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा मौसम संबंधी स्थानीय अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है।

और पढ़ें: असम में बाढ़ का कहर गहराया, 95 की मौत, 1.6 लाख से अधिक लोग प्रभावित; 14 जिले हाई अलर्ट पर

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share