×
 

15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट; उत्तर भारत में मॉनसून का जोर बरकरार

मौसम विभाग ने 15 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई।

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सक्रिय बना हुआ है। लगातार हो रही बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 15 राज्यों में भारी वर्षा, आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, असम और त्रिपुरा शामिल हैं।

दिल्ली-एनसीआर में 12 से 14 जुलाई के बीच आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। हालांकि, भारी बारिश की चेतावनी नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान उमस बढ़ सकती है और लोगों को गर्मी का एहसास अधिक होगा।

और पढ़ें: क्या है चीन का नया जातीय एकता कानून? अल्पसंख्यकों की पहचान और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर बढ़ीं चिंताएं

उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, मेरठ, आगरा, गोरखपुर और मिर्जापुर सहित कई जिलों में तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं बिहार के पटना, खगड़िया, किशनगंज, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर और दरभंगा में भारी बारिश तथा 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

उत्तराखंड के देहरादून, नैनीताल और चमोली समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन और अचानक बाढ़ का खतरा बना हुआ है। वहीं हिमाचल प्रदेश के शिमला, कुल्लू और मनाली में भी तेज बारिश और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया गया है।

उधर, पश्चिम बंगाल में अगले चार से पांच दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना है। कोलकाता, पूर्व बर्धमान, नदिया और बांकुड़ा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि बीरभूम, हुगली, उत्तर 24 परगना और हावड़ा सहित कई जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों, जलभराव और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

और पढ़ें: पुणे इमारत हादसा: मलबे से आखिरी शव बरामद, मृतकों की संख्या 9 पहुंची; अधिकारी ने बताया दैवीय घटना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share