×
 
☰

बिहार समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, आईएमडी ने जारी की चेतावनी

आईएमडी ने बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बुधवार, 7 अक्टूबर को देश के कई हिस्सों में खराब मौसम की संभावना जताई है। बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

आईएमडी के अनुसार, कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है, जबकि कई राज्यों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

बिहार समेत इन राज्यों में बारिश

7 से 10 अक्टूबर के बीच बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में बारिश की संभावना है। बिहार में 7 अक्टूबर को गरज-चमक, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है।

और पढ़ें: अक्टूबर में कम बारिश, लेकिन सर्दियों में कुछ क्षेत्रों को राहत की उम्मीद

पश्चिम बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 7 और 8 अक्टूबर को पश्चिम बंगाल, केरल, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

7 से 11 अक्टूबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश होने की संभावना है। कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी इस अवधि में बारिश हो सकती है।

आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और यानम में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। हरियाणा में 7 अक्टूबर को गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है।

उत्तराखंड और हिमाचल में भी असर

आईएमडी के मुताबिक, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। तापमान 22 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। राजधानी में गरज और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

और पढ़ें: मुंबई में भारी बारिश से कई इलाकों में जलभराव, मौसम विभाग ने आज भी तेज बारिश का जताया अनुमान

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share