×
 

भारत-पाकिस्तान महिला टी20 विश्व कप मुकाबले में कैसी होगी एजबेस्टन की पिच? जानिए पूरी रिपोर्ट

महिला टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत एजबेस्टन में होगी। संतुलित पिच पर तेज गेंदबाजों को मदद मिलने की उम्मीद है और टॉस जीतकर गेंदबाजी फायदेमंद हो सकती है।

महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारत और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 14 जून को इंग्लैंड के बर्मिंघम स्थित एजबेस्टन मैदान में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के छठे मुकाबले में दोनों टीमें पहली बार मैदान पर उतरेंगी और जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी।

भारतीय महिला टीम इस मुकाबले में मिश्रित प्रदर्शन के साथ उतर रही है। वार्म-अप मैचों में टीम ने वेस्टइंडीज को हराया था, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुआई में भारतीय टीम अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।

वहीं पाकिस्तान महिला टीम की स्थिति कुछ चिंताजनक रही है। टीम अपने पिछले छह मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी है, जबकि दो मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द हो गए थे। ऐसे में फातिमा सना की कप्तानी वाली टीम जीत की राह पर लौटने की कोशिश करेगी।

और पढ़ें: लंदन में भारतीय मूल के 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, आरोपी अब भी फरार

पिच रिपोर्ट की बात करें तो एजबेस्टन की सतह संतुलित मानी जाती है। यहां तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों को मदद मिलने की संभावना रहती है। हालांकि पारंपरिक रूप से इस मैदान पर तेज गेंदबाजों को थोड़ी अधिक सहायता मिलती रही है। शुरुआती ओवरों में बल्लेबाज गेंद की गति का फायदा उठाकर तेजी से रन बना सकते हैं।

विशेषज्ञों का मानना है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है, क्योंकि बाद में बल्लेबाजी करना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है।

ग्रुप-1 में भारत और पाकिस्तान के अलावा ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, बांग्लादेश और नीदरलैंड्स की टीमें शामिल हैं। ऐसे में दोनों टीमों के लिए टूर्नामेंट की शुरुआत जीत के साथ करना बेहद महत्वपूर्ण होगा।

और पढ़ें: रूसी तेल की खरीद में भारत का दबदबा बरकरार, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार बना

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share