×
 

भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 52 हुई, देश में जन्मे 32 चीते

भारत में चीता पुनर्वास कार्यक्रम के चार वर्ष पूरे होने पर संख्या 52 पहुंची है। इनमें 32 चीते देश में जन्मे हैं, जोकि अधिकांश कूनो में हैं।

भारत में चीता पुनर्वास कार्यक्रम के चार वर्ष पूरे होने पर देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 52 हो गई है। इनमें 32 चीते भारत में जन्मे हैं। कूनो राष्ट्रीय उद्यान की ओर से जारी चार वर्षीय स्थिति समीक्षा के अनुसार, 49 चीते मध्य प्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान और तीन चीते गांधी सागर अभयारण्य में हैं।

“भारत में चीतों के चार वर्ष—स्थिति समीक्षा” में 17 सितंबर 2022 से 17 सितंबर 2026 तक कार्यक्रम की प्रगति का विवरण दिया गया है। इसमें नामीबिया और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए चीतों तथा उनकी भारत में जन्मी संतानों के साथ बोत्सवाना से हाल में लाए गए चीतों को शामिल किया गया है।

17 सितंबर 2022 को नामीबिया से लाए गए आठ चीतों में तीन वर्तमान में जीवित हैं। इनसे भारत में जन्मे 22 शावकों के साथ नामीबिया मूल के चीतों और उनकी संतानों की संख्या 25 हो गई है।

और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में स्तनधारी जीव में पहली बार एच5एन1 बर्ड फ्लू की पुष्टि

दक्षिण अफ्रीका से 18 फरवरी 2023 को लाए गए 12 चीतों में आठ जीवित हैं। इनके 10 भारत में जन्मे शावकों को मिलाकर इस समूह की संख्या 18 है। इनमें 15 कूनो और तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं। वहीं, 28 फरवरी 2026 को बोत्सवाना से नौ चीते भारत लाए गए थे।

कूनो में मौजूद 49 चीतों में 17 खुले जंगल में हैं। इनमें 10 नर और सात मादा चीते शामिल हैं। शेष 32 चीते सॉफ्ट रिलीज बाड़ों में रखे गए हैं, जिनमें पांच नर, आठ मादा और एक वर्ष से कम उम्र के 19 शावक हैं।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान के अनुसार, प्रजनन करने वाली मादा चीतों की स्थापना और दूसरी पीढ़ी के शावकों का जीवित रहना कार्यक्रम की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं। अब ध्यान भारत में जन्मी पीढ़ियों को जंगल में स्थापित करने पर है।

और पढ़ें: बहराइच में दिखा विशाल मॉनिटर लिजर्ड, तस्वीरें लेने उमड़े लोग

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share