भारत का परमाणु जखीरा बढ़कर 190 हुआ, पाकिस्तान से बढ़त बरकरार: SIPRI रिपोर्ट
SIPRI की 2026 रिपोर्ट के अनुसार भारत के परमाणु वारहेड बढ़कर 190 हो गए हैं, जबकि पाकिस्तान के पास 170 हैं। भारत ने क्षेत्रीय परमाणु क्षमता में अपनी बढ़त कायम रखी है।
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) की वर्ष 2026 की रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने अपने परमाणु हथियारों के जखीरे में वृद्धि की है और अब उसके पास अनुमानित 190 परमाणु वारहेड हैं। इसके साथ ही भारत ने पाकिस्तान पर अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है, जिसके पास अभी भी लगभग 170 परमाणु वारहेड मौजूद हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2025 में भारत के पास 180 परमाणु वारहेड थे, जो अब बढ़कर 190 हो गए हैं। इनमें से 12 वारहेड तैनात स्थिति में हैं। वहीं पाकिस्तान के परमाणु हथियारों की संख्या 2025 की तरह 170 पर ही स्थिर बनी हुई है और उसमें कोई नई बढ़ोतरी दर्ज नहीं की गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने अपने परमाणु शस्त्रागार का विस्तार करने के साथ-साथ नए परमाणु हथियार प्रक्षेपण प्रणालियों के विकास पर भी काम जारी रखा है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत का आधुनिकीकरण कार्यक्रम लंबी दूरी की ऐसी क्षमताएं विकसित करने पर केंद्रित है जो चीन के किसी भी हिस्से तक पहुंच सकें।
और पढ़ें: दिल्ली एयरपोर्ट पर तेज आंधी-बारिश का असर, एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त
हालांकि रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत की सुरक्षा रणनीति अभी भी पाकिस्तान के साथ लंबे समय से चली आ रही प्रतिद्वंद्विता पर केंद्रित है। दूसरी ओर, पाकिस्तान ने 2025 में नए डिलीवरी सिस्टम विकसित करने और विखंडनीय सामग्री (फिसाइल मैटेरियल) का भंडार बढ़ाने का काम जारी रखा, जिससे संकेत मिलता है कि आने वाले वर्षों में उसका परमाणु जखीरा भी बढ़ सकता है।
रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर का भी उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संक्षिप्त सैन्य संघर्ष के दौरान भारत ने ऐसे पाकिस्तानी हवाई और मिसाइल ठिकानों को निशाना बनाया था, जिनकी भूमिका परमाणु गतिविधियों से जुड़ी हो सकती थी। हालांकि दोनों देशों ने तनाव को और बढ़ने से रोकने के लिए सावधानी बरती।
वैश्विक स्तर पर चीन के पास 620, रूस के पास 4,400 और अमेरिका के पास 3,700 परमाणु वारहेड हैं। SIPRI ने चेतावनी दी है कि परमाणु हथियारों पर बढ़ती निर्भरता वैश्विक सुरक्षा जोखिमों को बढ़ा सकती है।