भारत में जल्द बनेंगे 7 नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर, दिल्ली से लखनऊ सिर्फ 2 घंटे में; जानिए कितना घटेगा सफर का समय
केंद्र सरकार ने सात नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दी है। इनके शुरू होने पर दिल्ली, मुंबई, पुणे, वाराणसी और अन्य शहरों के बीच यात्रा समय काफी घट जाएगा।
भारत की हाई-स्पीड रेल परियोजना को बड़ा बढ़ावा मिला है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सात नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना पर भी तेजी से काम जारी है।
अश्विनी वैष्णव के अनुसार, जिन नए बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को स्वीकृति मिली है उनमें मुंबई–पुणे, बेंगलुरु–चेन्नई, बेंगलुरु–हैदराबाद, पुणे–हैदराबाद, दिल्ली–लखनऊ, दिल्ली–वाराणसी और दिल्ली–सिलीगुड़ी शामिल हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद देश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
रेल मंत्री ने बताया कि मुंबई से पुणे की यात्रा केवल 48 मिनट में पूरी हो सकेगी। वहीं बेंगलुरु से चेन्नई का सफर 73 मिनट, बेंगलुरु से हैदराबाद 2 घंटे 10 मिनट और पुणे से हैदराबाद 2 घंटे 8 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।
और पढ़ें: रेलवे सुरक्षा बढ़ाने के लिए एआई, ड्रोन और सीसीटीवी का उपयोग करेगा, यात्रियों से सतर्क रहने की अपील
इसके अलावा दिल्ली से लखनऊ की दूरी मात्र 2 घंटे में तय होगी, जबकि दिल्ली से वाराणसी पहुंचने में 3 घंटे 15 मिनट और दिल्ली से सिलीगुड़ी पहुंचने में लगभग 6 घंटे लगेंगे। मौजूदा समय की तुलना में यह यात्रा अवधि काफी कम होगी।
मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन मार्ग पर यात्रा का समय 1 घंटा 57 मिनट रहने का अनुमान है। रेल मंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, सूरत और हैदराबाद जैसे शहर एक मजबूत आर्थिक नेटवर्क का हिस्सा बन जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय रेलवे देशभर में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क के विस्तार पर लगातार काम कर रही है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।
और पढ़ें: तूतीकोरिन: आथूर नए पुल का पुनर्निर्माण अगस्त तक पूरा होने की संभावना