×
 

अमेरिका में भारतीय मूल के 56 वर्षीय सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या, बेटी के सामने वारदात; आरोपी फरार

अमेरिका के टेनेसी में लूट के दौरान भारतीय मूल के 56 वर्षीय सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के समय उनकी 19 वर्षीय बेटी मौजूद थी।

अमेरिका के टेनेसी राज्य के जैक्सन शहर में भारतीय मूल के 56 वर्षीय स्टोर मालिक सुरेश पटेल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना 20 अगस्त की शाम रिजक्रेस्ट रोड स्थित रिजक्रेस्ट सेलर्स में हुई। पुलिस के अनुसार, एक हथियारबंद संदिग्ध ने स्टोर में घुसकर कर्मचारियों से नकदी मांगी और लूट के बाद कई गोलियां चला दीं। इसी गोलीबारी में सुरेश पटेल की मौत हो गई।

जैक्सन पुलिस विभाग को रात करीब नौ बजे स्टोर में लूट और गोलीबारी की सूचना मिली थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, संदिग्ध हथियार लेकर दुकान में घुसा और कर्मचारियों को धमकाते हुए पैसे देने के लिए कहा। उसने एक कर्मचारी से कथित तौर पर नकदी लेने के बाद गोलियां चलाईं। घटनास्थल पर ही सुरेश पटेल की मौत हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार, सुरेश पटेल ने घटना से कुछ दिन पहले ही यह स्टोर संभाला था। वारदात के दौरान उनकी 19 वर्षीय बेटी भी उनके पास मौजूद थी। बताया गया है कि उसने अपनी आंखों के सामने पिता को गोली लगते देखा।

और पढ़ें: अमेरिका में भारतीय मूल के किशोर पर मां और भाई की हत्या का आरोप, चैटजीपीटी से पूछे थे परिवार को कैसे मारें सवाल

पुलिस ने संदिग्ध का हुलिया भी जारी किया है। उसके अनुसार, आरोपी ने ग्रे रंग की हुडी, जींस और काले वर्क बूट पहन रखे थे। उसने चेहरे को पेंटबॉल शैली के मास्क से ढक रखा था। गोलीबारी के बाद वह सफेद रंग की सेडान कार में बैठकर मौके से फरार हो गया।

जैक्सन पुलिस ने लोगों से आरोपी के बारे में जानकारी देने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, घटना के समय इलाके में मौजूद किसी व्यक्ति ने संदिग्ध या उसकी कार को देखा हो तो वह जानकारी साझा कर सकता है। क्राइम स्टॉपर्स के जरिए गुमनाम सूचना भी दी जा सकती है। मामले की जांच जारी है।

अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों से जुड़े गोलीबारी के अन्य मामले भी पहले सामने आ चुके हैं। इसी साल वर्जीनिया के नॉरफॉक में गुजराती मूल की मेघना पटेल की उनके स्टोर के अंदर गोली मारकर हत्या की गई थी।

सितंबर 2025 में चारोतर की रहने वाली किरण पटेल की भी एक हथियारबंद लुटेरे का सामना करने के बाद पार्किंग में हत्या कर दी गई थी। जैक्सन पुलिस अब सुरेश पटेल हत्याकांड में आरोपी की तलाश कर रही है।

और पढ़ें: कौन है वरुण बटचिगारी? अमेरिका में गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोप में भारतीय छात्र गिरफ्तार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share