दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में आपात लैंडिंग, कार्गो होल्ड में धुआं मिलने से मचा हड़कंप
दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो फ्लाइट की राजकोट में आपात लैंडिंग कराई गई। कार्गो होल्ड में धुआं मिलने के बाद सभी 194 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
दुबई से मुंबई जा रही इंडिगो की एक उड़ान को सोमवार को राजकोट के हीरासर हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान के कार्गो होल्ड (सामान रखने वाले हिस्से) में धुआं दिखाई देने के बाद एहतियात के तौर पर यह फैसला लिया गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 194 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
राजकोट हवाई अड्डे के निदेशक दिगंत बोरा ने बताया कि विमान सुरक्षित रूप से उतार लिया गया और किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। उन्होंने कहा कि धुएं के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विमान संख्या आईजीओ 1452 दुबई से मुंबई जा रही थी। दोपहर 2:45 बजे विमान के कार्गो होल्ड में धुआं होने की सूचना मिलने पर हवाई अड्डा प्रशासन ने पूर्ण आपातकाल घोषित कर दिया। इसके बाद विमान ने 3:27 बजे राजकोट के हीरासर हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की।
संभावित आग के खतरे को देखते हुए लैंडिंग से पहले ही पुलिस, अग्निशमन विभाग और आपदा राहत दल को हवाई अड्डे पर तैनात कर दिया गया था। विमान के उतरते ही सभी 194 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर टर्मिनल के निर्धारित सुरक्षित क्षेत्र में पहुंचाया गया।
एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के निरीक्षक के. पी. तरेटिया ने बताया कि पायलट ने विमान में धुएं की आशंका जताते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से आपातकालीन लैंडिंग की अनुमति मांगी थी। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को तुरंत राजकोट की ओर मोड़ा गया।
अधिकारियों के अनुसार, विमान में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई। इंडिगो की तकनीकी टीम मौके पर पहुंच गई है और विमान की विस्तृत जांच कर रही है ताकि धुएं के वास्तविक कारण का पता लगाया जा सके।
गौरतलब है कि पिछले महीने लखनऊ से दिल्ली जा रही इंडिगो की एक उड़ान को भी बम की धमकी मिलने के बाद रोक दिया गया था। बाद में जांच में वह धमकी फर्जी निकली थी, लेकिन सुरक्षा मानकों के तहत विमान की पूरी जांच की गई थी। इस ताजा घटना के बाद भी विमानन सुरक्षा एजेंसियां सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हैं।
और पढ़ें: कनाडा में पंजाब की 26 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या, भारतीय मूल का आरोपी गिरफ्तार