×
 

चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में आग, मची अफरा-तफरी; आपात स्थिति घोषित

हैदराबाद से चंडीगढ़ आ रही इंडिगो फ्लाइट में पावर बैंक में आग लगने से आपात स्थिति बनी, लेकिन क्रू ने सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, एक यात्री घायल हुआ।

चंडीगढ़ के शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब हैदराबाद से आ रही इंडिगो की फ्लाइट में पावर बैंक में आग लग गई और धुआं फैलने लगा। घटना के बाद फ्लाइट में आपात स्थिति घोषित कर दी गई।

फ्लाइट संख्या 6E-108 (हैदराबाद–चंडीगढ़) में 198 यात्री, 2 शिशु और 6 क्रू सदस्य सवार थे। विमान ने लगभग 3:29 बजे सुरक्षित लैंडिंग की थी। लेकिन टैक्सीवे पर बे नंबर 1 की ओर जाते समय सीट नंबर 39C पर बैठे यात्री देवांश ने क्रू को बताया कि उनके पावर बैंक में आग लग गई है, जिसके फटने की आशंका थी।

क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग बुझाने वाले यंत्रों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में केबिन में धुआं फैल गया। स्थिति बिगड़ती देख आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया।

और पढ़ें: लखनऊ एयरपोर्ट पर इंडिगो फ्लाइट का टेक-ऑफ टला, रनवे पर बंदरों की वजह से मचा हड़कंप

लगभग 3:35 बजे आपातकालीन गेट खोले गए और यात्रियों को इन्फ्लेटेबल स्लाइड्स के जरिए सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान सीट 25F पर बैठी यात्री रिचा को हल्की टखने में चोट आई। उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया।

3:38 बजे वायुसेना की फायर टेंडर टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थिति नियंत्रण में आ चुकी थी, इसलिए उसकी आवश्यकता नहीं पड़ी। किसी अन्य यात्री को गंभीर चोट नहीं आई।

क्रू की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

और पढ़ें: पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कहा– भारत आतंक के आगे नहीं झुकेगा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share