17 हजार फीट पर इंडिगो विमान से टकराई बिजली, नोज क्षतिग्रस्त; लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग
पटना से लखनऊ जा रहा इंडिगो विमान 17 हजार फीट की ऊंचाई पर बिजली की चपेट में आया। विमान का नोज क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।
पटना से लखनऊ जा रही इंडिगो की उड़ान 6E925 बुधवार को खराब मौसम के बीच करीब 17 हजार फीट की ऊंचाई पर तेज बिजली की चपेट में आ गई। विमान में 104 यात्री सवार थे। बिजली गिरने से विमान के अगले हिस्से यानी नोज को नुकसान पहुंचा। हालांकि, पायलट ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए विमान की लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई। घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
इंडिगो की उड़ान 6E925 ने पटना एयरपोर्ट से दोपहर 3:10 बजे उड़ान भरी थी। विमान को शाम 4:20 बजे लखनऊ पहुंचना था, लेकिन बिजली गिरने की घटना के बाद पायलट ने विमान को करीब 4:05 बजे सुरक्षित लखनऊ एयरपोर्ट पर उतार दिया।
लखनऊ पहुंचने के बाद सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। बिजली गिरने के कारण विमान के अगले हिस्से में तकनीकी नुकसान हुआ, जिसके चलते इसे आगे की उड़ान के लिए ग्राउंडेड कर दिया गया।
और पढ़ें: इंडिगो ने बढ़ाया ईंधन शुल्क, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय हवाई यात्रा होगी महंगी
यात्रियों के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था
क्षतिग्रस्त विमान को लखनऊ से अहमदाबाद के लिए इंडिगो की उड़ान 6E6968 संचालित करनी थी। तकनीकी समस्या के कारण एयरलाइन ने यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की। सभी यात्री शाम करीब 6:22 बजे वैकल्पिक विमान से अहमदाबाद के लिए रवाना हुए।
पहले भी बिजली की चपेट में आया था इंडिगो विमान
19 जून को कोलकाता एयरपोर्ट पर तेज आंधी के दौरान एक अन्य इंडिगो विमान पर भी बिजली गिर गई थी। यह विमान अगरतला के लिए उड़ान भरने वाला था। घटना के बाद 141 यात्रियों और छह चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतारा गया और बाद में दूसरे विमान से अगरतला भेजा गया। दो ग्राउंड स्टाफ को जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जिन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई।
इसके अलावा पिछले महीने गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रहे इंडिगो A321 विमान को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर दूसरी लैंडिंग कोशिश के दौरान टेल स्ट्राइक का सामना करना पड़ा था।
और पढ़ें: बेंगलुरु एयरपोर्ट पर इंडिगो विमान की टेल स्ट्राइक, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित