×
 

इज़राइल का ऐलान: ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को हर हाल में ढूंढकर खत्म करेंगे

इज़राइल ने ईरान के नेता मोजतबा खामेनेई को निशाना बनाने की चेतावनी दी, जबकि मिसाइल हमलों और क्षेत्रीय तनाव के बीच संघर्ष तेजी से बढ़ता जा रहा है।

इज़राइल ने ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए उन्हें हर हाल में ढूंढकर खत्म करने की कसम खाई है। इज़राइली रक्षा बल (आईडीएफ) के प्रवक्ता एफी डेफ्रिन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जो भी इज़राइल के खिलाफ हाथ उठाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा, “हम उसे ढूंढेंगे, पकड़ेंगे और समाप्त करेंगे।”

यह बयान ऐसे समय आया है जब खामेनेई के सत्ता संभालने के बाद दोनों देशों के बीच तनाव तेजी से बढ़ गया है। हालांकि आईडीएफ ने माना कि फिलहाल उनके पास खामेनेई की सटीक लोकेशन की जानकारी नहीं है, लेकिन वे लगातार उन्हें निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

आईडीएफ ने ईरान के अर्धसैनिक संगठन बसीज बलों के खिलाफ भी आक्रामक अभियान तेज कर दिया है। डेफ्रिन ने कहा, “हम हर किसी तक पहुंचेंगे, चाहे वह कहीं भी हो।” हाल ही में बसीज कमांडर गुलामरेज़ा सुलेमानी की हत्या को ईरान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। इज़राइल का लक्ष्य ईरान के सैन्य नेटवर्क और उसके सहयोगी संगठनों को कमजोर करना है।

और पढ़ें: इजरायल का ईरान पर बड़ा हमला, सुरक्षा प्रमुख अली लारिजानी को बनाया निशाना, स्थिति अस्पष्ट

इज़राइल ने यह भी संकेत दिया है कि यह संघर्ष लंबा चल सकता है। डेफ्रिन ने बताया कि अप्रैल में आने वाले यहूदी पर्व पासओवर के दौरान भी सैन्य अभियान जारी रहेगा।

इस बीच ईरान ने इज़राइल पर मिसाइलों की नई बौछार कर दी। तेल अवीव और यरुशलम जैसे बड़े शहरों में सायरन बजने लगे और आसमान में धमाकों की चमक देखी गई। इज़राइल की वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलों को नष्ट किया, जबकि राहत दल प्रभावित इलाकों में पहुंचे।

क्षेत्रीय सहयोगी बहरीन ने भी दावा किया कि उसने अब तक ईरान की 129 मिसाइलें और 233 ड्रोन मार गिराए हैं, जिससे संघर्ष का दायरा और व्यापक हो गया है।

और पढ़ें: क्या ईरान के खिलाफ परमाणु हथियार इस्तेमाल करेगा इज़राइल? डोनाल्ड ट्रंप ने दी बड़ी प्रतिक्रिया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share