जयपुर में पार्षद टिकट की होड़ तेज, 150 वार्डों के लिए 2,500 से ज्यादा दावेदार
जयपुर नगर निकाय चुनाव से पहले पार्षद टिकट के लिए दावेदारों की संख्या बढ़ गई है। भाजपा में 150 वार्डों के लिए 2,500 से ज्यादा आवेदन मिले हैं।
राजस्थान की राजधानी जयपुर में नगर निकाय चुनाव का काउंटडाउन शुरू होते ही पार्षद की कुर्सी के लिए सियासी दौड़ तेज हो गई है। चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले ही राजनीतिक दलों के कार्यालयों में टिकट के दावेदारों की आवाजाही बढ़ गई है। सबसे ज्यादा हलचल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में दिखाई दे रही है, जहां 150 वार्डों के लिए 2,500 से अधिक कार्यकर्ता और आम लोग टिकट की दावेदारी कर चुके हैं।
टिकट हासिल करने की कोशिश में कई दावेदार वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर रहे हैं। पार्टी कार्यालय में मिले आवेदनों और बायोडाटा को छांटने की तैयारी चल रही है। टिकट की इस दौड़ में कुछ दावेदार वरिष्ठ नेताओं के पैर छूकर भी अपनी उम्मीदवारी मजबूत करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
करीब 1,000 महिला दावेदार
भाजपा जयपुर शहर अध्यक्ष अमित गोयल के अनुसार, अब तक प्राप्त आवेदनों में करीब 1,000 बायोडाटा महिलाओं के हैं। खास बात यह है कि महिलाओं ने आरक्षित वार्डों के अलावा सामान्य यानी खुले वार्डों से भी बड़ी संख्या में टिकट के लिए आवेदन किया है। ऐसे में टिकट वितरण के दौरान महिला उम्मीदवारों को लेकर पार्टी में व्यापक मंथन होने की संभावना है।
और पढ़ें: पीएम मोदी का बीजेपी की नई टीम को संदेश, जनसंपर्क बढ़ाने और विचारधारा मजबूत करने पर जोर
150 वार्डों पर 2,500 से ज्यादा दावेदार
स्थानीय राजनीति में पार्षद का पद बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पार्षद का चुनाव जीतने के बाद कई नेता आगे चलकर विधानसभा और अन्य बड़े चुनावों में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करते हैं। इसी वजह से इस बार टिकट पाने के लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत झोंक दी है।
अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती 2,500 से ज्यादा दावेदारों में से 150 उम्मीदवारों का चयन करना है। उम्मीदवारों के चयन में संगठन की पकड़, स्थानीय राजनीतिक समीकरण और चुनाव जीतने की संभावना अहम भूमिका निभाएगी।
11 सितंबर को मतदान
जयपुर नगर निगम के पार्षद पदों के लिए 11 सितंबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 14 सितंबर को मतगणना की जाएगी। एकीकृत नगर निगम के तहत कुल 150 वार्डों में चुनाव होंगे। इनमें 50 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं।
राजस्थान में निकाय चुनाव दो चरणों में कराए जा रहे हैं। जयपुर में दूसरे चरण के तहत 11 सितंबर को मतदान होगा। इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना के साथ चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
और पढ़ें: बीजेपी ने वंदे मातरम् के सम्मान के लिए प्रस्ताव पारित किया, कांग्रेस के दो अंतरों के फैसले की निंदा