×
 

जयपुर में रेलवे ट्रैक पार करते समय 28 वर्षीय युवती की ट्रेन से कुचलकर मौत

जयपुर के महेश नगर इलाके में रेलवे ट्रैक पार करते समय 28 वर्षीय युवती सीमा माहावर की ट्रेन से कुचलकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

राजस्थान की राजधानी जयपुर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय युवती की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार यह घटना महेश नगर थाना क्षेत्र में अर्जुन नगर अंडरपास के पास उस समय हुई, जब युवती रेलवे ट्रैक पार करने की कोशिश कर रही थी।

मृतका की पहचान सीमा माहावर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि सीमा महेश नगर इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह रविवार दोपहर अपने घर लौट रही थी और रास्ता छोटा करने के लिए रेलवे ट्रैक पार करने लगी। इसी दौरान वह तेज गति से आ रही ट्रेन को देख नहीं सकी और उसकी चपेट में आ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन की रफ्तार काफी तेज थी और युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। महेश नगर थाना पुलिस और रेलवे पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।

और पढ़ें: जयपुर में तेज रफ्तार लग्जरी कार का कहर, 16 लोगों को रौंदा; एक की मौत

पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद सीमा का शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नजदीकी मोर्चरी में भिजवा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे रेलवे ट्रैक पार करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और शॉर्टकट अपनाने से बचें। इस तरह की लापरवाही कई बार जानलेवा साबित हो सकती है।

इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही सीमा के परिवार को हादसे की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें: मुंबई में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर फायरिंग, जांच शुरू

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share