×
 

इनकी वजह से सुरक्षित महसूस करती हैं: जम्मू की बेटियों ने सीमा पर बीएसएफ जवानों को बांधी राखी

जम्मू की छात्राओं ने सुचेतगढ़ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात बीएसएफ जवानों को राखी बांधकर उनकी सुरक्षा, दीर्घायु और देशसेवा के लिए आभार जताया।

रक्षाबंधन के अवसर पर जम्मू की युवतियों और स्कूली छात्राओं ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों के प्रति सम्मान और भाईचारे की भावना व्यक्त की। जम्मू के अलग-अलग इलाकों से पहुंचीं छात्राओं ने सुचेतगढ़ में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित जीरो लाइन के पास जवानों की कलाई पर राखी बांधी।

इस दौरान छात्राएं सजाई गई थालियों में दीये, कुमकुम और राखियां लेकर सीमा चौकी पहुंचीं। उन्होंने जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उनकी लंबी उम्र तथा सुरक्षित जीवन की कामना की। इस भावुक अवसर पर छात्राओं ने कहा कि सीमा पर तैनात जवान उनके लिए सुरक्षा की दीवार हैं।

सुचेतगढ़ पहुंची छात्रा चावनप्रीत कौर ने कहा कि ये जवान आम लोग नहीं हैं, बल्कि देश की सीमाओं पर खड़े हमारे सुरक्षा कवच हैं। उन्होंने कहा कि जवानों की वजह से ही देश के लोग अपने घरों में खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। राखी बांधकर वे जवानों की लंबी उम्र और बेहतर स्वास्थ्य की प्रार्थना कर रही हैं।

और पढ़ें: जम्मू में डिप्टी सीएम के काफिले की गाड़ी की चपेट में आने से बिहार निवासी की मौत

एक अन्य छात्रा रितिका ने कहा कि राखी बांधना उनके लिए जवानों के प्रति आभार व्यक्त करने का तरीका है। उन्होंने कहा कि जिस तरह जवान देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, उसी तरह बहनें भी उनके साथ खड़ी हैं।

जवानों ने भी छात्राओं के इस स्नेह और सम्मान का जवाब भावुक अंदाज में दिया। एक बीएसएफ जवान ने कहा कि वे अपनी बहनों को भरोसा दिलाते हैं कि वे केवल उनकी ही नहीं, बल्कि देश की हर बहन की दिन-रात सीमा पर रक्षा करेंगे।

रक्षाबंधन का यह आयोजन देश की सुरक्षा में जुटे जवानों और आम नागरिकों के बीच भावनात्मक जुड़ाव का प्रतीक बन गया। सीमा पर गूंजे भाई-बहन के इस रिश्ते ने देशभक्ति और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

और पढ़ें: अटारी-वाघा सीमा पर भव्य बीटिंग रिट्रीट समारोह, स्वतंत्रता दिवस पर दिखा देशभक्ति का जोश

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share