जंतर-मंतर प्रदर्शन : राहुल बोले- छात्रों की तीन मांगें अटल, धर्मेंद्र प्रधान को देना होगा इस्तीफा
जंतर-मंतर प्रदर्शन के बीच राहुल ने छात्रों की तीन प्रमुख मांगों को बताया। सीजेपी और सरकार के बीच आज बातचीत होगी, सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।
जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रदर्शन के बीच राहुल ने छात्रों की मांगों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि छात्रों की तीन मांगें ऐसी हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। राहुल ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा।
नीट पेपर लीक और छात्र प्रदर्शनों के दौरान हुई हिंसक झड़पों को लेकर केंद्र सरकार और सीजेपी नेताओं के बीच शनिवार को एक बार फिर बातचीत होगी। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह बैठक में शामिल होंगे, जबकि सीजेपी की तरफ से राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास और अशुतोष रांका मौजूद रहेंगे।
यह बैठक दोपहर 3:30 बजे प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि इस दौरान सरकार सीजेपी की प्रमुख मांगों पर अपना जवाब दे सकती है, जिसमें शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी शामिल है।
और पढ़ें: सीजेपी प्रदर्शन के बीच दिल्ली में वीकेंड पर रात 8 बजे बंद होंगी शराब की दुकानें
बैठक से पहले दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार देर रात प्रदर्शन स्थल पर अतिरिक्त बैरिकेड लगाए गए। इन बैरिकेड को लोहे की जंजीरों से मजबूत किया गया है ताकि प्रदर्शनकारी इन्हें हटाने या तोड़ने की कोशिश न कर सकें।
इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जंतर-मंतर के आसपास दंगा नियंत्रण वाहन भी तैनात किए गए हैं। पुलिस लगातार पूरे क्षेत्र की निगरानी कर रही है।
सुरक्षा कारणों से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने शनिवार को राजधानी के 18 मेट्रो स्टेशनों को सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की है। इनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय और नई दिल्ली समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं।
सीजेपी पिछले कई दिनों से नीट पेपर लीक मामले, परीक्षा व्यवस्था में सुधार और जवाबदेही की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
अब सभी की नजरें केंद्र सरकार और सीजेपी नेताओं के बीच होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक पर टिकी हैं।
और पढ़ें: जंतर-मंतर प्रदर्शन: सीजेपी नेताओं की आज सरकार से वार्ता, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी