×
 

जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी नहीं, लोगों में दहशत

जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। किसी नुकसान या सुनामी की चेतावनी नहीं है। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की।

जापान के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र में रविवार तड़के 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिससे स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। साथ ही, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (जेएमए) ने इस भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के अनुसार, भूकंप का केंद्र जमीन से लगभग 40 किलोमीटर की गहराई में स्थित था। यह भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह लगभग 5:21 बजे आया। जापान की सात स्तरों वाली भूकंपीय तीव्रता माप प्रणाली में आओमोरी प्रांत के हाचिनोहे शहर में इसकी तीव्रता "लोअर-5" दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि हाल के दिनों में लगातार आ रहे भूकंपों ने स्थानीय नागरिकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

और पढ़ें: कराची में पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला, विस्फोट और गोलीबारी में 4 सुरक्षाकर्मियों की मौत

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही जापान के उत्तरी हिस्से में 7.2 तीव्रता का एक और शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके झटके राजधानी टोक्यो तक महसूस किए गए थे। उसका केंद्र इवाते प्रांत के तट से लगभग 44 किलोमीटर की गहराई में था। उस दौरान कई इमारतें हिल गई थीं और लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे थे। उस समय भी सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई थी।

जापान के प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने अधिकारियों को संभावित नुकसान का आकलन करने और जनता तक समय पर सटीक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोग घबराएं नहीं, लेकिन आने वाले दिनों में संभावित भूकंपों को देखते हुए पूरी सावधानी बरतें।

जापान 'प्रशांत महासागर के रिंग ऑफ फायर' क्षेत्र में स्थित है, जहां प्रशांत, फिलीपीन सागर, यूरेशियन और उत्तरी अमेरिकी टेक्टोनिक प्लेटें मिलती हैं। यही कारण है कि यहां हर वर्ष लगभग 1,500 से 2,000 भूकंप दर्ज किए जाते हैं। अधिकांश भूकंप हल्के होते हैं, लेकिन गंभीर भूकंपों से निपटने के लिए जापान ने भूकंपरोधी इमारतों और आधुनिक चेतावनी प्रणाली का व्यापक विकास किया है।

और पढ़ें: सेशेल्स दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे उम्रदराज़ जीवित स्थलीय जीव जोनाथन से की मुलाकात

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share