कानपुर में एसएससी की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र ने की आत्महत्या, कमरे का दरवाजा तोड़कर पुलिस ने बरामद किया शव
कानपुर के बर्रा क्षेत्र में एसएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे 21 वर्षीय छात्र अमित साहू ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र में एक 21 वर्षीय छात्र ने आत्महत्या कर ली। छात्र किराए के कमरे में रहकर एसएससी (SSC) प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव को बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, हमीरपुर जिले के टिकरौली गांव निवासी अमित साहू (21) पिछले करीब दो वर्षों से कानपुर के बर्रा स्थित दामोदर नगर में किराए के कमरे में रह रहा था। वह दिनेश दीक्षित के मकान की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में अकेले रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था।
शनिवार शाम इस घटना का खुलासा तब हुआ जब अमित का दोस्त उससे मिलने उसके कमरे पर पहुंचा। दोस्त ने काफी देर तक दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने मकान मालिक को इसकी जानकारी दी। अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
और पढ़ें: तन्वी शर्मा ने रचा इतिहास, ताइपे ओपन जीतकर जीता पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब
मौके पर पहुंची बर्रा थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर अमित का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मकान मालिक दिनेश दीक्षित ने बताया कि अमित का दोस्त लकी शनिवार शाम करीब 6:30 बजे उससे मिलने आया था। कमरे की खिड़की और दरवाजा अंदर से बंद थे, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को बुलाया गया।
बर्रा थाना प्रभारी रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी साफ नहीं हुई है। पुलिस ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कॉल डिटेल और मोबाइल डेटा की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अमित के पिता सिद्ध गोपाल साहू किसान हैं, जबकि मां रीता साहू गृहिणी हैं। उसके दोनों बड़े भाई अनिल और सुमित रेलवे में कार्यरत हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।