JDU छोड़ने के बाद केसी त्यागी RLD में शामिल, जयंत चौधरी की मौजूदगी में नई पारी की शुरुआत
केसी त्यागी ने JDU छोड़ने के बाद RLD जॉइन की। जयंत चौधरी की मौजूदगी में सदस्यता ली, जिससे उनके अगले राजनीतिक कदम को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा।
पूर्व जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) नेता केसी त्यागी ने रविवार (22 मार्च) को राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) में शामिल होकर अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर दी। उन्होंने राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में जयंत चौधरी की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
इससे पहले 17 मार्च को केसी त्यागी ने जेडीयू से इस्तीफा दे दिया था, हालांकि उन्होंने इसके पीछे कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया था। उस समय उन्होंने संकेत दिया था कि वह जल्द ही अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर निर्णय लेंगे। आरएलडी में शामिल होकर उन्होंने अपने अगले कदम को स्पष्ट कर दिया है।
केसी त्यागी जेडीयू के गठन के समय से ही पार्टी के साथ जुड़े हुए थे। अक्टूबर 2003 में समता पार्टी और जनता दल के विलय के बाद जेडीयू का गठन हुआ था। अपने लंबे राजनीतिक करियर में उन्होंने पार्टी में कई अहम पद संभाले, जिनमें मुख्य महासचिव, मुख्य प्रवक्ता और राजनीतिक सलाहकार शामिल हैं।
किशन चंद त्यागी, जिन्हें केसी त्यागी के नाम से जाना जाता है, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के निवासी हैं और 1970 के दशक से राजनीति में सक्रिय हैं। वह 1989 में हापुड़ लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे। इसके अलावा उन्होंने समाजवादी पार्टी में राष्ट्रीय महासचिव और जेडीयू में राष्ट्रीय प्रवक्ता के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं।
वर्ष 2013 में वह राज्यसभा सदस्य बने और तीन बार जेडीयू के राष्ट्रीय महासचिव रहे। 2024 में उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया था।
हालांकि, जेडीयू छोड़ने के पीछे के कारण अब भी स्पष्ट नहीं हैं, जिससे राजनीतिक गलियारों में अटकलें जारी हैं।