केरल में कल हो सकता है नए मुख्यमंत्री का ऐलान, केसी वेणुगोपाल सबसे आगे
केरल में कांग्रेस जल्द मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार का ऐलान कर सकती है। केसी वेणुगोपाल सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं, जबकि वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला भी दौड़ में हैं।
केरल में कांग्रेस पार्टी कल तक नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी नेतृत्व जल्द फैसला लेकर अंदरूनी विवाद और असंतोष को खत्म करना चाहता है। मुख्यमंत्री पद की दौड़ में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल सबसे आगे बताए जा रहे हैं।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी जल्द ही केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के पूर्व अध्यक्षों के साथ अहम बैठकें करेंगे। इन बैठकों के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। हालांकि पार्टी ने अब तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
मुख्यमंत्री पद के लिए वीडी सतीशन और रमेश चेन्नीथला के नाम भी चर्चा में हैं। सूत्रों का कहना है कि यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो 14 मई को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है।
दरअसल, 2026 केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की 10 साल पुरानी सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया। यूडीएफ ने 102 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया, जबकि एलडीएफ केवल 35 सीटों पर सिमट गया।
हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री पद के तीन प्रमुख दावेदारों—रमेश चेन्नीथला, केसी वेणुगोपाल और वीडी सतीशन—के साथ अलग-अलग बैठकें की थीं। इस बैठक में केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ और केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी भी मौजूद रहीं।
इस बीच, सतीशन और वेणुगोपाल समर्थकों के बीच पोस्टरबाजी और विरोध प्रदर्शन ने पार्टी की चिंता बढ़ा दी है। वहीं, यूडीएफ की सहयोगी इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) ने मुख्यमंत्री चयन में हो रही देरी पर चिंता जताई है।