केरल में अजगर का शिकार कर खाने के आरोप में तीन गिरफ्तार
केरल के त्रिशूर में अजगर का शिकार कर उसे पकाकर खाने के आरोप में तीन लोग गिरफ्तार हुए। कन्नूर में भी इसी मामले में दो गिरफ्तारियां हुई थीं।
केरल के त्रिशूर जिले में अजगर का शिकार करने, उसे काटकर पकाने और मांस खाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वन अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने दोस्तों के साथ मिलकर अजगर को पकड़ा और बाद में उसे मारकर उसके टुकड़े किए।
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि घटना मन्नामंगलम इलाके की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जिंसन जोस (36), जिष्णु (30) और विवेक (30) के रूप में हुई है। तीनों मन्नामंगलम के पास चेरुकुन्नू के रहने वाले हैं। बताया गया कि शुक्रवार रात उनके घर के आसपास एक अजगर देखा गया था।
आरोप है कि तीनों ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अजगर को पकड़ा, उसके टुकड़े किए और उसे पकाकर खा लिया। सूचना मिलने के बाद मन्नामंगलम वन स्टेशन के डिप्टी रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर एम. शाहजहां के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
और पढ़ें: मिडटर्म चुनाव से पहले ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग 37 प्रतिशत, ईरान मुद्दे पर भी बढ़ा दबाव
वन अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत कार्रवाई की गई है। मामले में आगे की जांच जारी है।
कन्नूर में भी दो लोग गिरफ्तार
इससे पहले केरल के कन्नूर जिले में भी अजगर के शिकार और उसका मांस पकाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वन विभाग के अनुसार, पानापुझा के रहने वाले प्रमोद और बिनीश ने अपने घर के पास रबर के बागान से एक वयस्क अजगर पकड़ा था।
आरोप है कि दोनों ने अजगर को मारकर प्रमोद के घर पर उसकी करी बनाई। गुप्त सूचना के आधार पर थालीपरम्बा रेंज ऑफिसर सुरेश पी और उनकी टीम ने घर पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान सांप के कुछ हिस्से और पकाई गई करी बरामद की गई।
वन अधिकारियों ने दोनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि अजगर संरक्षित वन्यजीवों में शामिल है और उसके शिकार पर कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है।
और पढ़ें: पाकिस्तान में आत्मघाती हमला, कम से कम 11 लोगों की मौत और 30 घायल