×
 

कोटा के सिटी मॉल में भीषण आग, 12 दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात

कोटा के सिटी मॉल में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हैं, फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

राजस्थान के कोटा शहर में बुधवार को सिटी मॉल में भीषण आग लगने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

फायर अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना करीब डेढ़ घंटे पहले मिली थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए शहर के विभिन्न फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियों को भेजा गया। फिलहाल कुल 12 दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी हुई हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मॉल के भीतर से घना धुआं निकलता देखा गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सुरक्षा के मद्देनजर मॉल को तुरंत खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।

और पढ़ें: दिल्ली के मजलिस पार्क वन क्षेत्र में आग, बुझाने के प्रयास जारी

फायर ब्रिगेड की टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आग पर धीरे-धीरे नियंत्रण पाया जा रहा है, हालांकि पूरी तरह बुझाने में अभी समय लग सकता है।

आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन मॉल के अंदर काफी नुकसान होने की संभावना है। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

और पढ़ें: मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भीषण आग, दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंची

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share