×
 

डीएम के सामने 13 साल के बच्चे ने रखी अपनी शिकायत, आत्मविश्वास देखकर अधिकारी भी रह गए हैरान

लखीमपुर खीरी में 13 वर्षीय अमिताभ ने डीएम के सामने घर में ताला लगाए जाने की शिकायत रखी। बच्चे के आत्मविश्वास से अधिकारी प्रभावित हुए और जांच शुरू हुई।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक 13 वर्षीय बच्चे ने अपनी समस्या को जिस आत्मविश्वास और बेबाकी से जिलाधिकारी के सामने रखा, उसे देखकर वहां मौजूद अधिकारी भी हैरान रह गए। मामला सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस का है, जहां आठवीं कक्षा में पढ़ने वाला छात्र अमिताभ अपनी शिकायत लेकर जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह के पास पहुंच गया।

अमिताभ ने जिलाधिकारी को बताया कि उसके ताऊ ने उसके घर में ताला लगा दिया है, जिसके कारण उसका परिवार परेशानियों का सामना कर रहा है। बच्चे ने बिना किसी झिझक के अपनी बात अधिकारियों के सामने रखी और प्रशासन से न्याय की मांग की।

बच्चे की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने उसकी बात गंभीरता से ली। उन्होंने अमिताभ को समझाया और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल मामले की जांच करने के निर्देश भी दिए।

और पढ़ें: उत्तर प्रदेश: चाकू और गड़ासा लेकर स्कूल पहुंचीं प्रधानाध्यापिका, बोलीं- मुझे अपनी सुरक्षा का डर है

समाधान दिवस में पहुंचे इस बच्चे की हिम्मत और स्पष्ट बातचीत लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई। मौजूद लोगों ने उसके आत्मविश्वास और अपनी समस्या को रखने के तरीके की सराहना की।

जिला सूचना विभाग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, डीएम के निर्देश पर शहर कोतवाल राजेश कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। प्रशासन ने बच्चे की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर जांच में लिया।

जांच के दौरान बच्चे की मां ने बताया कि अमिताभ पढ़ाई में ज्यादा रुचि नहीं लेता और अक्सर इधर-उधर घूमता रहता है। उन्होंने बताया कि वह घर से स्कूल में स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) लेने की बात कहकर निकला था, लेकिन किसी तरह तहसील पहुंच गया।

जांच में सामने आया कि अमिताभ के पिता ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी से उनका एक बेटा है, जिसकी मां का निधन हो चुका है। वह वर्तमान में लखनऊ में अपनी बुआ के यहां रहकर पढ़ाई कर रहा है। जिस कमरे में ताला लगाया गया था, वह कथित तौर पर पहले बेटे के हिस्से का बताया जा रहा है। वहीं शिकायत करने वाला अमिताभ दूसरी पत्नी का बेटा है।

बताया गया कि बच्चे के पिता मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। प्रशासन ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्चे की शिक्षा और पारिवारिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। इस कार्रवाई से बच्चे की शिकायत के पीछे की वास्तविक स्थिति सामने आ सकी है।

और पढ़ें: भगवान कृष्ण को मुस्लिम बताने वाले मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ यूपी में 95 शिकायतें दर्ज

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share