लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में करंट से बड़ा हादसा, सात श्रद्धालुओं की मौत
लखीसराय के ऐतिहासिक अशोक धाम मंदिर में सोमवार को बिजली के पोल में करंट उतरने से सात लोगों की मौत हो गई और छह से अधिक श्रद्धालु घायल हुए।
बिहार के लखीसराय जिले में सोमवार को ऐतिहासिक अशोक धाम (इंद्र दमनेश्वर महादेव मंदिर) में बड़ा हादसा हो गया। सावन के अवसर पर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर के पास स्थित एक बिजली के पोल में अचानक करंट उतर आया। इसकी चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई। श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को करंट की चपेट से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों का इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार होने के कारण अशोक धाम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। बड़ी संख्या में लोग भगवान इंद्र दमनेश्वर महादेव के दर्शन और पूजा के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान बिजली के पोल में करंट आने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।
और पढ़ें: 2030 तक एक करोड़ रोजगार और परीक्षा सुधार बिहार सरकार की प्राथमिकता: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी
हादसे के बाद प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और करंट उतरने के कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाने के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है।
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक का माहौल है। मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और चिंता है। प्रशासन की ओर से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।